ब्रेकिंग न्यूज़

PM मोदी की रैली का विरोध ....... फिरोजपुर में किसानों ने तोड़ा पुलिस नाका ....

PM नरेंद्र मोदी की रैली नहीं होने देंगे, केंद्र सरकार ने उनकी ज्यादातर मांगें नहीं की पूरी --- सरवन सिंह पंधेर    

- पंजाब भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से किसान नेताओं की बैठक जारी   

खबरनामा इंडिया ब्यूरो फिरोजपुर पंजाब        


 पंजाब के जिला फिरोजपुर में कल 5 जनवरी को होने वाली PM नरेंद्र मोदी की रैली का विरोध किसानों ने करना शुरू कर दिया है।  मंगलवार को किसान मजदूर संघर्ष कमेटी व अन्य किसान जत्थेबंदी अपने काफिले लेकर फिरोजपुर पहुंच गए। किसानों का जत्था जैसे ही गांव भड़ाना वाला पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। इस पर भड़के किसानों ने भड़ाना वाला में लगा पुलिस नाका तोड़कर फिरोजपुर की तरफ बढ़ना शुरू किया। इस पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स मंगवाकर किसानों को वहीं रोका गया। 

किसान नेताओं का कहना है कि वह हर हाल में फिरोजपुर में PM की रैली के स्थल पर पहुंचेंगे और रैली नहीं होने देंगे। उनके और भी जत्थेबंदी पीछे आ रहे हैं। किसान अपने संग खानपान व बिस्तर लेकर फिरोजपुर के लिए निकले हैं। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि कमेटी के प्रधान सतनाम सिंह पन्नू की अगुवाई में उनका जत्था फिरोजपुर से 13 किलोमीटर दूर कुलगढ़ी की दाना मंडी तक पहुंच चुका है। गांव भड़ाना वाला के पास उनके जत्थे को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया है।

उनके किसान शांति के साथ फिरोजपुर की तरफ बढ़ रहे थे। उनका दूसरा जत्था तरनतारन की तरफ से आ रहा है जो फिरोजपुर बॉर्डर पर खड़ा है। उनके अन्य जत्थे फिरोजपुर पहुंच रहे हैं। 

पंधेर ने कहा कि रास्ते में पुलिस नाके बहुत है, सभी नाकों से गुजर कर हर हाल में फिरोजपुर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली नहीं होने देंगे। केंद्र सरकार ने उनकी ज्यादातर मांगें पूरी नहीं की है। लखीमपुर खीरी मामले में उनके दो किसानों को पकड़कर जेल में बंद कर दिया है। किसान अपने साथ खानपान की सामग्री लेकर चले हैं। गांव भड़ाना वाला में किसानों ने फिरोजपुर-जीरा राजमार्ग ठप कर दिया है। 

वहीं देर रात तक किसान नेताओं तथा भाजपा के कुछ नेताओं के बीच बैठक चल रही थी जिसमें कुछ मुद्दों पर 15 जनवरी तक मसले हल करने पर सहमति बन सकती है। 

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रदेश सचिव सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से चल रही पहले राउंड की बैठक में एमएसपी गारंटी कानून पर 15 जनवरी तक कमेटी बनाने तथा किसानों को प्रदूषण एक्ट से बाहर करने पर सहमति बन गई है। जबकि पुलिस केस वापस लिए जाने पर मामला फसा हुआ है। दूसरे राउंड की बैठक में बाकी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। 





No comments