बसपा की टिकट से चुनाव लड़ चुके एनआरआई पर हमला .....???
- रेलवे फाटक बंद होने के कारण रुके तभी हमलावरों ने उसे गाड़ी से खींच बेसबेट से ताबड़तोड़ किए वार
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
2017 में बसपा की टिकट से चुनाव लड़ चुके जर्मन निवासी एनआरआई जसवंत सिंह भंडाल पर उस समय अज्ञात हमलावरों नेे हमला कर दिया, जब वह अपनी गाड़ी में रात के समय गांव धालीवाल दोनां के बंद रेलवे फाटक पर ट्रेन के गुजरने का इंतजार कर रहे थे। इस हमले में दो हमलावरों ने उन पर बेसबाल बेट से कई वार किए और जान से मारने की धमकियां भी दी। उन्होंने पीछे आ रही अपने दोस्त की गाड़ी से भागकर अपनी जान बचाई।
थाना जीआरपी जालंधर में पीड़ित की शिकायत पर उनके समधी ब्लाक समिति ढिलवां के पूर्व चेयरमैन हरनेक सिंह औजला व दो अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। जीआरपी की पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है।
पीड़ित जसवंत सिंह भंडाल निवासी सेंट्रल टाउन, पीर चौधरी रोड कपूरथला ने बताया कि वह जर्मन का स्थायी वासी है और 30 नवंबर 2021 को पंजाब आया। 23 दिसंबर की शाम करीब छह बजे वह अपनी गाड़ी में सवार होकर जालंधर से कपूरथला आ रहा था। इसी दौरान उसकी फोन पर अपने दोस्त सविंदर सिंह वासी गुरु तेग बहादुर नगर से बातचीत हुई। उसने बताया कि वह इस समय गांव धालीवाल दोनां के सरपंच सरदूल सिंह के फार्म हाउस पर मौजूद है।
उसके कहने पर वह (जसवंत) भी फार्म हाउस पर पहुंच गया, क्योंकि सरदूल सिंह उसका भी गहरा दोस्त है। रात करीब सवा आठ बजे वह अपने दोस्त सविंदर सिंह के साथ अलग-अलग गाड़ी से घर के लिए चल पड़े। उसकी गाड़ी आगे थी और सविंदर उसके पीछे आ रहा था। जब वह गांव धालीवाल दोनां के रेलवे फाटक पर पहुंचे तो ट्रेक के गुजरने के कारण फाटक बंद था। जिससे वह रुक गए।
इसी बीच दो युवक उसके पास आए तो उसने समझा कि शायद इन लोगों ने कुछ रास्त वगैरह पूछना है। जैसे ही उसने गाड़ी का दरवाजा खोला तो उन दोनों ने उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया और बेसबाल बेट से उस पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। एक युवक बोला कि तू फोन बहुत करता है, अपना फोन दे तो उसने डर के मारे कहा कि उसका फोन गाड़ी में पड़ा है। जब दोनों युवक उसकी गाड़ी की तरफ भागे तो वह भाग कर अपने दोस्त सविंदर की गाड़ी की तरफ भागा, जोकि उसकी तरफ आ रहा था। फिर उसमें सवार होकर भागकर जान बचाई, क्योंकि तब तक फाटक भी खुल चुका था। फिर उसने सविंदर सिंह के फोन से सरपंच सरदूल सिंह को सारी आपबीती सुनाई और गाड़ी को अपने फार्म हाउस पर लाकर खड़ी करने के लिए कहा।
भंडाल ने बताया कि दोनों युवकों के पास दातर भी था और उसे जान से मारने की धमकियां भी दे रहे थे। उसने बताया कि यह हमला उसके समधी हरनेक सिंह औजला की शह पर हुआ है, जोकि ब्लाक समिति ढिलवां का पूर्व चेयरमैन भी रहा है। क्योंकि एक बार उसने यू-ट्यूब पर एक इंटरव्यू दिया, जिस पर हरनेक सिंह ने आपत्तिजनक कमेंट किए थे। जिसके बाद से उन दोनों में विवाद चल रहा है। इस वजह से उसने जर्मन से आने से पहले जान को खतरे की आशंका का एक पत्र उच्च पुलिस अधिकारियों को मेल के जरिये भेजा था। आरोपी उसकी गाड़ी से उसका फोन व 95 हजार रुपये की नकदी भी ले गए हैं। उसने बताया कि वह 2017 में बसपा की टिकट से एमएलए चुनाव के लिए उम्मीदवार बना और बाद में कांग्रेस उम्मीदवार को बिना शर्त समर्थन दे दिया।
थाना जीआरपी जालंधर के एसएचओ बीएस घुम्मन ने कहा कि रिश्तेदार का विवाद है। मोबाइल लोकेशन खंगाली जा रही है। इसमें कुछ साजिश की बू आ रही है। जांच के बाद साशिज रचने वालों को भी केस में शामिल किया जाएगा। हरनेक सिंह की गिरफ्तारी न होने पर बोले कि पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।









No comments