ब्रेकिंग न्यूज़

जिला पुलिस की कामयाबी ...... हत्याकांड में वांछित गैंगस्टर को छह राज्यों में 1900 किमी पीछा कर किया काबू ....

- SSP कपूरथला का दावा -- अन्य फरार अरोपिओं की भी जल्द होगी गिरफ्तारी 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला, पंजाब     

पंजाब की कपूरथला पुलिस ने बेगोवाल में 23 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में 20 दिनों तक छह राज्यों में 1900 किलोमीटर तक एक हत्या में वांछित गैंगस्टर दलजीत सिंह शेरा का पीछा करने के बाद आखिर शेरा को काबू करने में कामयाबी हासिल की है।

एसएसपी कपूरथला हरकमलप्रीत सिंह खख ने खबरनामा इंडिया को बताया कि आरोपी को तेलंगाना के साइबराबाद से पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने हत्याकांड के बारे जानकारी देते हुए बताया कि 18 जून की देर शाम आरोपिओं ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर 23 वर्षीय मुकुल की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब मुकुल खेल के मैदान से घर लौट रहा था। उन्होंने कहा कि आरोपियों को अपने गिरोह के एक सदस्य की हत्या में मुकुल की संलिप्तता का संदेह था। मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने बेगोवाल थाने में दलजीत सिंह शेरा, मंगल सिंह, लवली और प्रिंस नाम के चार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। 

एसएसपी ने यह भी बताया कि उसी दिन पुलिस को सूचना मिली थी कि उन्ही अरोपिओं ने होशियारपुर के टांडा इलाके से एक पादरी की पिटाई कर और हवाई फायरिंग कर सफेद रंग की स्विफ्ट कार PB07BS1713 भी छीन ली है। आरोपियों ने हत्या में इस्तेमाल अपनी स्कूटी को उसी जगह के पास ही छोड़ दिया था। जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया था।

हत्या के कुछ दिनों बाद, आरोपी दलजीत सिंह शेरा ने हत्या की जिम्मेदारी ली और अपने फेसबुक पर एक पोस्ट डाल कर कुछ अन्य लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी। 

एसएसपी ने बताया कि हत्या के दिन से ही पुलिस की टीमें आरोपी का तकनीकी रूप से पीछा कर रही थीं। लेकिन शेरा लगातार हरियाणा, यूपी, बिहार, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे विभिन्न राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहा था और आखिरकार तेलंगाना में उसके पहुँचने का पता लगा लिया था। टांडा के पादरी की लूटी गई कार को पुलिस ने महाराष्ट्र से बरामद कर लिया था, जहां आरोपी ने कुछ खराबी के चलते वही छोड़ दिया था।

उन्होंने बताया कि 29 जून को पुलिस की टीमें तेलंगाना में उनके ठिकाने पर छापेमारी करने जा रही थीं और इस बीच सूचना मिली कि शेरा ने कुछ लड़कियों को पिस्तौल दिखाकर और गोली मारने की धमकी देकर उनके मोबाइल छीनने की कोशिश की है। लड़कियां डर गईं और मुख्य सड़क की ओर दौड़कर 100 नंबर डायल किया, जिसके बाद गाचीबोवली पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी ने बताया कि पुलिस की टीमों ने उसे वहीं गिरफ्तार कर आज पंजाब वापस लाया गया है। एसएसपी ने बताया कि मुकुल की हत्या में प्रयुक्त हथियार भी तेलंगाना पुलिस ने उक्त मामले में जब्त कर लिया है। 


No comments