Breaking ...... चार दिन पहले घर से काम पर गया युवक लापता, इंस्टाग्राम पर मित्र बनी महिला से हुई अंतिम काल
- फ़िलहाल मोबाइल बंद, पुलिस जाँच में मोबाइल की अंतिम लोकेशन पठानकोट बस स्टैंड की मिली
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला के मोहब्बत नगर से एक 30 वर्षीय युवक पिछले 4 दिन से लापता है, जिसकी तलाश में परिवार सहित संबंधित थाना की पुलिस लगी हुई है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक 7 अक्टूबर को सुबह अपने घर से काम के सिलसिले में निकला था। और 4 दिन बीत जाने के बाद भी घर नहीं लौटा। जिसकी सूचना मिलने के बाद सिटी थाना के जांच अधिकारी दविंदर पाल शर्मा ने युवक की मोबाइल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करने के साथ-साथ युवक की तलाश के लिए प्रदेश भर के सभी थानों में सूचित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मोहब्बत नगर वासी बलबीर चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका लड़का मनदीप कुमार (30 वर्ष) 7 अक्टूबर को सुबह अपने काम के लिए घर से गया था। लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। लापता हुए मनदीप ने जिस संस्था में कार्य करने का परिवार को बताया था वहां से भी पता करने पर मालूम हुआ कि वह वहां पहुंचा ही नहीं है।
युवक के लापता की सूचना मिलने के बाद जांच अधिकारी दविंदर पाल शर्मा ने युवक की मोबाइल डिटेल निकलवा कर देखा कि उक्त युवक की अंतिम लोकेशन 7 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे पठानकोट के बस स्टैंड पर थी। और अनितम फ़ोन कॉल पठानकोट वासी एक महिला से हुई थी। जिसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। वहीं जांच अधिकारी ने यह भी बताया कि उक्त मामले में लापता हुए युवक की उसी महिला मित्र से कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। जाँच के दौरान उक्त महिला को भी शनिवार को सिटी थाना में तलब कर बयान दर्ज किए गए और उक्त महिला के मोबाइल की डिटेल की जांच भी की जा रही है। फिलहाल लापता हुए मनदीप कुमार की तलाश के लिए प्रदेश के सभी जिलों के सभी थानों में सूचित कर दिया गया है।










No comments