Breaking .... सोनीपत का अमरीक-सुखदेव व गरम-धरम ढाबा अनिश्चितकाल के लिए बंद
- सैकड़ों कर्मचारियों का होगा कोरोना टेस्ट
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। सोनीपत
हरियाणा के सोनीपत में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे एक पर स्थित अमरीक सुखदेव ढाबा अचानक ही चर्चा में आ गया है। वीरवार को पराठों के लिए मशहूर मुरथल के दो ढाबों पर कार्यरत 81 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें से 71 कर्मचारी मुरथल के मशहूर अमरीक-सुखदेव ढाबे के हैं। जबकि 10 कर्मचारी गरम-धरम ढाबे से संबंधित है। फिलहाल प्रशासन ने दोनों ढाबों को सील कर दिया है। अब ढाबों कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने से यहां पराठे खाने के लिए सेकड़ो आने वालों की चिंता बढ़ गई है। लोग आपस में फोन पर बात कर एक-दूसरे का हाल-चाल ले रहे हैं। पिछले दो-तीन दिनों में इन ढाबों पर जाने वाले लोग अपने जानकार या चिकित्सकों से संपर्क कर कोरोना टेस्ट कराने संबंधी जानकारी भी हासिल कर रहे हैं। ढाबा कर्मचारियों का कोरोना संक्रमित मिलना चिंता का विषय बना हुआ है। जानकारी अनुसार जब तक संक्रमित मरीजों की कांटैक्ट ट्रेसिंग पूरी नहीं हो जाती तब तक ढाबों को बंद रखा जाएगा।
श्यामलाल पूनिया उपायुक्त, सोनीपत के अनुसार निर्धारित नियमानुसार ही ढाबों को खोलने की अनुमति दी गई थी। समय-समय पर अधिकारी ढाबों की जांच करते रहे हैं। निर्धारित नियमों की अनुपालना सही प्रकार से नहीं की गई, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। प्रशासन पूर्ण रूप से मुस्तैद है। हर प्रकार की स्थिति से निपटने की तैयारियां की गईं हैं।
एसडीएम विजय सिंह के अनुसार संक्रमित मरीजों के कांटैक्ट ट्रेसिंग का कार्य चल रहा है। पूरी सूची तैयार की जा रही है। सभी की पहचान होने तक दोनों ढाबे सील रहेंगे। इसके अलावा सभी ढाबा संचालकों को अनिवार्य रूप से अपने कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ढाबे पर बाहर से काम करने के लिए आने वालों का भी पहले कोरोना टेस्ट कराने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पिछले एक सप्ताह से यहां कर्मचारियों के सैंपल लेकर जांच कर रही है। कुछ दिन पहले ढाबों का निरीक्षण भी किया गया था और सभी को कोरोना से बचाव के लिए जारी शारीरिक दूरी, मास्क, सैनिटाइजर के प्रयोग आदि दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने को कहा गया था।















No comments