ब्रेकिंग न्यूज़

पूर्व डीजीपी सैनी की मुश्किलों में इज़ाफ़ा .... अब बहबल कलां मामले में सुमेध सैनी और आईजी उमरानंगल हुए नामजद

- अक्टूबर 2015 में बहबल कलां में धरने दौरान पुलिस गोलीबारी से दो लोगों की हुई थी मौत, कैप्टन अमरिंदर ने सीबीआई से केस वापस लेकर एसआईटी बनाने का लिया था फैसला 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब 

पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी की मुश्किलें घटने की बजाये बढ़ती जा रही है। बलवंत सिंह मामले में आज सैनी मोहाली में एसआईटी के सामने पेश हुए हैं। वहीँ दूसरी तरफ आज ही बहबल कलां मामले में भी पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी और आईजी उमरानंगल को नामजद कर लिया गया है। प्रदेश की राजनीति के गले की फांस बन चुके बहबल कलां गोलीकांड की जांच कर रहे विशेष जांच दल ने इस मामले में सोमवार को इन लोगो को नामजद किया है। सूत्रों की माने तो एसआईटी ने फरीदकोट के जिला एवं सेशज कोर्ट में इस कार्रवाई की जानकारी दी है। और यह अनुमान भी है कि जल्दी ही इन्हें पूछताछ के लिए भी बुलाया जा सकता है। 

बताने योग्य है कि12 अक्टूबर 2015 को फरीदकोट के गांव बरगाड़ी में गुरु ग्रंथ साहिब के कुछ पन्ने फटे हुए मिले थे। जिसके बाद रोष में आये सिख संगठनों और संगत ने कोटकपूरा और बरगाड़ी के गांव बहबल कलां में धरने प्रदर्शन दिए। दो दिन बाद बहबल कलां में धरने दौरान पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में गांव नियामीवाला के दो लोगों की मौत हो गई थी।

वैसे घटना के समय विपक्षी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह अकाली दल की सरकार की तरफ से इस मामले को सीबीआई को सौंपे जाने की बात कही थी। लेकिन जब 2017 में कांग्रेस सत्ता में आई तो मुख्यमंत्री कैप्टन ने उक्त मामला सीबीआई के हाथ से वापस लेकर रिटायर्ड जज रणजीत सिंह की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन कर दिया। और रणजीत सिंह आयोग की सिफारिश के बाद पंजाब सरकार ने एसआईटी से जांच कराने का फैसला लिया।


No comments