सरहद पार से तस्करी .... सरहद पार से फेंकी गई 5.470 किलो हेरोइन व 180 ग्राम अफीम बरामद, बीएसएफ ने चलाया सर्च अभियान
- ममदोट बॉर्डर पर रात हलचल के बाद बीएसएफ जवानों ने सीमा पार से फेंके नशे को लिया कब्जे में
खबरनामा इंडिया ब्यूरो ,फ़िरोज़पुर, पंजाब
पंजाब के फिरोजपुर में ममदोट पाक सरहद पर बीएसएफ की तरफ से 5.470 किलो हेरोइन और 180 ग्राम अफीम बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि बरामद किया गया नशे का पैकेट सरहद पार पाकिस्तान की तरफ से फेंका गया था। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार हो गए और सुबह बीएसएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया। वैसे बीएसएफ और पंजाब पुलिस पता लगाने में जुटी है कि भारत में यह किस तस्कर के मंगवाने पर भेजी गई थी।
बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के डीआईजी और पीआरओ के अनुसार बीएसएफ जवान सोमवार रात चेक पोस्ट समस क्षेत्र में सीमा पर लगी कंटीली तार के पास गश्त कर रहे थे। अचानक जवानों को सरहद पार पाकिस्तान की तरफ कुछ हलचल सुनाई दी, तो जवानों ने तुरंत उक्त संदिग्धों को ललकारा और सरहद पार से कुछ फेंके जाने की आवाज भी सुनाई दी। संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। लेकिन जब सुबह बीएसएफ के जवानों ने अधिकारियों को साथ लेकर संबंधित जगह पर सर्च अभियान चलाया तो वहां पड़े 5 पैकेट मिले। जिनमे हेरोइन बरामद हुई। जिसका वजन 5 किलो 470 ग्राम था। और हेरोइन के साथ 180 ग्राम अफीम भी बरामद हुई है। फिलहाल खुफिया एजेंसियों की तरफ से जाँच जारी है।










No comments