ब्रेकिंग न्यूज़

कांग्रेस सेवादल द्वारा अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर अगस्त क्रांति के तौर आयोजन

- कार्यक्रम का आगाज वंदे मातरम् के साथ किया 
- आधुनिक भारत व डिजीटल इंडिया के लिए राजीव गांधी को हमेशा याद रखा जाएगा

खबरनामा इंडिया (गगनदीप), कपूरथला 

जिला कांग्रेस सेवादल की ओर से पंजाब कांग्रेस सेवादल के आह्वान पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन महासचिव सुभाष भार्गव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम मुख्य रूप से 1942 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ओर से चलाए गए अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ को समर्पित था। इस आंदोलन को अगस्त क्रांति के तौर पर भी जाना जाता है। कार्यक्रम का आगाज वंदे मातरम् गीत के साथ किया गया। उसके उपरांत राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रीय गीत गाया गया। ध्वज फहराने की रस्म कारगिल शहीद ले. कमांडेंट महिंदर राज की माता कमला देवी व पिता मोहन लाल द्वारा किया गया। वहीं इस अवसर पर पंजाब प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष निर्मल केड़ा विशेष तौर पर शामिल हुए। 

ध्वजारोहण के उपरांत अपने संबोधन में पंजाब अध्यक्ष निर्मल केड़ा ने कहा कि आज ही के दिन 1942 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का नारा देकर देश में आजादी की लड़ाई को चरम पर पहुंचा दिया था और लोगों को आजादी की लड़ाई के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने कहा कि आज देश में जो सम्प्रदायिकता का माहौल है जोकि केंद्र की भाजपा सरकार की फुट डालो और राज करो की नीति के कारण हुआ है। एक तो इस समय देश के लोग कोरोना महामारी को झेल रहे है और दूसरी ओर सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था का दिवाला निकल गया है। 

उन्होंने देश के लोगों से अपील की कि वह कोरोना महामारी के चलते सरकार द्वारा जो भी दिशा निर्देश दिए गए है उनका पालन करे और अपने कार्य के साथ-साथ अपने अंदर देश प्रेम की भावना को भी जागृत करे। इसी तरह पंजाब प्रदेश कांग्रेस सेवादल के महासचिव सुभाष भार्गव ने कहा कि आज का दिन हम देशवासियों के लिए बड़े ही सम्मान व प्ररेणा लेने का दिन है और इससे भी ज्यादा इस बात के लिए मन में सुकून है कि आज का ध्वजारोहण कारगिल शहीद ले. कमांडेंट महिंदर राज के माता-पिता द्वारा किया गया। भार्गव ने कहा कि हम सभी को देश के लिए अपना बलिदान देने वाले शहीदों का सम्मान करना चाहिए और आज इस बात की बहुत खुशी हो रही है कि कारगिल शहीद के माता-पिता द्वारा ध्वजारोहण किया गया। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो आजादी से लेकर इस देश का जो मौजूदा स्वरूप है इसे बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अगर उद्योगिक व हरित क्रांति के लिए नेहरू जी को याद किया जाता है। देश को आत्म निर्भर व सम्मान के साथ खड़े होने के लिए इंदिरा जी को याद किया जाता है वहीं आधुनिक भारत व डिजीटल इंडिया के लिए राजीव गांधी को हमेशा याद रखा जाएगा। आज की भाजपा सरकार केवल जुमुलेबाजों की सरकार है जिसने इस देश की अर्थव्यवस्था व भाईचारे को गहरा आघात पहुंचाया है। इसलिए देश के लोग आने वाले समय में भाजपानीत गठबंधन सरकार से किनारा करने का मन बनाए और कांग्रेस के हाथ मजबूत करे। कार्यक्रम के समापन पर आए हुए सभी मेहमानों का जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार द्वारा आभार व्यक्त किया गया। 

इस अवसर पर पंजाब सचिव जतिंदर मार्शल, तिलकराज सोनू, पंजाब संगठन सचिव दर्शन चीमा, जिला उपप्रधान विजय खन्ना, विनोद कुमार, सतीश शर्मा, अश्वनी पिंकी, राकेश कुमार, बिन्नी धीर, डा. जागीर सिंह, अश्वनी राजपूत, जालंधर कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष मनोज धनवाल, एसपी खन्ना, विनोद सूद, दलबीर भोला, गुरदीप चंद, मनजीत सिंह, दीपक नागर, प्रवीण सिंह प्रिंस, भावुक सेन, पुलकित, रवि कुमार, मानव, प्रवीण कुमार के अलावा कार्यकर्ता शामिल थे।


No comments