ब्रेकिंग न्यूज़

गोल्ड किट्टी के नाम पर 25 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप, निवेशकों ने किया हंगामा

- जालंधर के पीपीआर मॉल में बिज पावर नाम की कंपनी के ऑफिस में हंगामे के बाद पुलिस की जांच शुरू, मामला दर्ज 

- निवेशक बोले -- कंपनी का दफ्तर और मालिकों का फोन दोनों बंद, कई माह से नहीं मिली पेमेंट

खबरनामा इंडिया संवाददाता। जालंधर, पंजाब



नॉर्थ इंडिया में गोल्ड के नाम पर लोगों से रुपया इन्वेस्ट कराने वाली कंपनी के मालिकों पर करोड़ों रुपए की ठगी का आरोप लग रहा है। बिज पावर नाम की कंपनी के जालंधर स्थित ऑफिस में कुछ निवेशकों ने हंगामा कर दिया और आरोप लगाया कि कंपनी के मालिकों के नंबर व दफ्तर के नंबर बंद आ गए हैं और किट्टी समाप्त होने के बाद भी  कंपनी ने निवेशकों को पेमेंट नहीं दी है। 
हंगामा तब बढ़ गया जब कपूरथला के कुछ निवेशकों ने जालंधर कार्यालय में पहुंच कर कंपनी के स्टाफ को पकड़ लिया। हालांकि बाद में पुलिस वहां पहुंची व कर्मचारियों को अपने साथ थाने ले गई। लोगों ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। 
 निवेशकों का आरोप है कि पीपीआर मॉल में दफ्तर चला रही बिज पावर कंपनी किट्टी के रूप में सोने आदि में निवेश करवाती थी। इसमें 11 किश्तें लोगों को भरनी पड़ती थी और एक किश्त कंपनी अपनी तरफ से देती थी। बाद में उन्हें पैसे या सोना दिया जाना था। 
उन्होंने कहा कि जालंधर आसपास के क्षेत्रों में करीब 10 हजार से अधिक बने थे और उनसे करीब 25 करोड़ रुपए जु इंटाए गए। इसके बाद कंपनी का दफ्तर बंद हो गया। उसके मालिकों का फोन बंद है और घर में भी कोई नहीं है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञात हो कि उक्त कंपनी ने नॉर्थ इंडिया में हजारों की संख्या में अपने सदस्य बनाए हुए हैं जिनका मायाजाल पंजाब हरियाणा व दिल्ली के आसपास के कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। सूत्र बताते हैं कि बीते कुछ दिन पहले फिरोजपुर के निवेशकों ने भी कंपनी के मालिकों के साथ हंगामा किया था और उनके पासपोर्ट भी जब्त करवाए थे। 

इस बारे में एसीपी मॉडल टाउन हरिंदर सिंह गिल ने कहा कि शिकायत मिल गई है। इसके बाद कंपनी के मालिक को बुलाया गया है ताकि उनके बयान लेकर पूरे मामले का पता लगाया जा सके। लेकिन वह नहीं आये। फिलहाल निवेशकों की शिकायत के आधार पर कंपनी मालिकों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कर ली गई है। 





No comments