ब्रेकिंग न्यूज़

पाकिस्तान के बाद चीन से नजदीकियां बढ़ा रहा खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू! राष्ट्रपति शी जिनपिंग को लिखा खत

- अमेरिका में बैठकर खालिस्तान के लिए 'रेफरैंडम-2020' कि मुहिम चलाने वाले सिख्स फ़ॉर जस्टिस के कानूनी सलाहकार और एक तरह से संयोजक गुरपतवंत सिंह पन्नू की चीन से बढ़तीं नजदीकियों के सुबूत मिलने के बाद पंजाब में 18 जून को उसके खिलाफ देशद्रोह का नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
अमरीक, खबरनामा इंडिया। पंजाब
फोटो -- सोशल मिडिया
चीन के संबंध अब भारत विरोधी खालिस्तानियों से भी कायम हो गए हैं! अमेरिका में बैठकर खालिस्तान के लिए 'रेफरैंडम-2020' कि मुहिम चलाने वाले सिख्स फ़ॉर जस्टिस के कानूनी सलाहकार और एक तरह से संयोजक गुरपतवंत सिंह पन्नू की चीन से बढ़तीं नजदीकियों के सुबूत मिलने के बाद पंजाब में 18 जून को उसके खिलाफ देशद्रोह का नया मुकदमा दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि खालीस्तानी मुहिम के इस पैरोकार के खिलाफ बीते 3 महीनों में पंजाब में 21 डीडीआर और तीन एफआईआर दर्ज की गईं हैं।
सिख्स फ़ॉर जस्टिस पंजाब में प्रतिबंधित है लेकिन सोशल मीडिया और फोन के जरिए इन दिनों उसकी गतिविधियां खासी तेज हैं। पंजाब में आजकल प्रतिदिन हजारों लोगों को विदेश से लगातार अलग-अलग नंबरों से आईवीआर (प्री-रिकॉर्डिड ऑडियो मैसेज) आ रहे हैं। इनमें भारत का विरोध करने, खालिस्तान की हिमायत करने की गुजारिश के साथ-साथ कहा जा रहा है कि 4 जुलाई को पंजाब रेफरैंडम-2020 के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है और रजिस्ट्रेशन करवा कर सिख्स फ़ॉर जस्टिस को अपना सहयोग दें। यह संदेश कई पुलिस अधिकारियों के फोन पर भी आया है। तथ्य साफ बताते हैं कि गहरी साजिश रची जा रही है और चीन का समर्थन गुरपतवंत सिंह पन्नू को हासिल हो चुका है।
यह खत साबित करता है कि अलगाववादी खालिस्तानियों ने चीन तक पहुंच बना ली है। पाकिस्तान तो पहले ही उनके साथ था। जिन नंबरों से ऐसे संदेश आ रहे हैं, उनमें से 60 नंबर सरकार द्वारा ब्लॉक किए जा चुके हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। रेफरैंडम-2020 के लिए इन दिनों जो फोन-संदेश पंजाब आ रहे हैं, वे ज्यादातर चीन से जारी किए जाते हैं। इनमें एक महिला की आवाज होती है। कुछ फोन पाकिस्तान के नंबरों से आते हैं। आ रहीं फोन कॉल्स की बाबत 13 और 15 जून के बीच 'डेली डायरी' रिपोर्ट की गई है। एक व्यक्ति खुद को इमरान के बताता है और कहता है कि सिख्स फ़ॉर जस्टिस ने पंजाब रेफरैंडम-2020 के लिए मतदाता पंजीकरण शुरू किया है। आज आपके पास मौका है कि आप इसमें शामिल होकर 1947 में की गई भूल को सुधार सकते हैं। पाकिस्तान आपका शांतिप्रिय पड़ोसी है और सहयोगी भी। जिक्र-ए-खास है कि गुरपतवंत सिंह पन्नू पंजाब में बड़े पैमाने पर लोगों को मिल रहे इन फोन संदेशों की जिम्मेवारी सार्वजनिक तौर पर और सोशल मीडिया के जरिए ले चुका है।

(वरिष्ठ पत्रकार अमरीक पंजाब से है)

No comments