ब्रेकिंग न्यूज़

- डेढ़ किलो हेरोइन व दो लाख ड्रग मनी सहित दो गिरफ्तार

- पुलिस को देख तीन तस्कर मोके से फरार
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला, पंजाब

कपूरथला सीआईए स्टाफ व सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने संयुक्त रूप से आपरेशन करते हुए डेढ़ किलो हेरोइन व दो लाख की ड्रगमनी के साथ बुलेट सवार दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जबकि ब्रीजा कार में सवार तीन तस्कर बुलेट सवार युवकों के पुलिस नाके पर पकड़े जाने की घटना देखते ही गाड़ी लेकर फरार हो गए।
आरोपिओ के खिलाफ थाना सुल्तानपुर लोधी में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। 
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार गिरफ्तार तस्कर में से एक के खिलाफ नशा तस्करी, रेप और इरादा कत्ल के नौ मामले पहले भी दर्ज हैं और हाल में जेल से जमानत पर छूट कर आया है। थाना सुल्तानपुर लोधी में एसपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लो व डीएसपी सुल्तानपुर लोधी सरवन सिंह बल ने बताया कि सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह और थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह ने संयुक्त आपरेशन के दौरान गांव सेंचा के कच्चे रास्ते पर गांव अल्लादित्ता मोठांवाल पर नाका लगाया हुुआ था। पुलिस टीम को गांव लाटियांवाल की तरफ से एक काले रंग का बुलेट मोटरसाइकिल आता दिखाई दिया, जिसके पीछे एक सरदार युवक बैठा था और मोना युवक बुलेट चला रहा था। उनके पीछे एक सफेद रंग की ब्रिजा गाड़ी आ रही थी, जिसमें ड्राइवर समेत तीन लोग सवार थे।पुलिस नाका देखकर बुलेट चालक घबरा गया। इस घबराहट में वह पीछे मुड़कर भागने लगा तो बुलेट स्लिप हो गया। इस पर पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। बुलेट सवार युवकों के पकड़ने जाने पर ब्रिजा कार में सवार ड्राइवर मंगल सिंह नंबरदार निवासी गांव लाटियांवाल, कुलदीप सिंह उर्फ काला निवासी गांव तोती और पिछली सीट पर बैठा हरविंदर सिंह उर्फ गुल्ली निवासी लाटियांवाल फरार हो गए। बुलेट सवार दविंदर सिंह निवासी गांव लाटियांवाल और बलविंदर सिंह निवासी गांव तोती की तलाशी ली गई तो इनके पास से बरामद कपड़े के थैले से 1.5 किलो हेरोइन और करीब 2.1 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि पांचों लोग नशा तस्करी का धंधा करते हैं। इस पर थाना सुल्तानपुर लोधी में पांचों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एसपी के अनुसार गिरफ्तार बलविंदर सिंह पेशेवर तस्कर हैं। इसका पिता और बेटा भी स्मगलर है, जबकि भाई तस्करी के मामले में जेल में सजा भुगत रहा है। बलविंदर सिंह खुद भी एनडीपीएस के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया हुआ है। इसके खिलाफ एनडीपीएस के पांच, कत्ल-इरादा कत्ल के तीन और रेप का एक केस पहले से दर्ज है। एसपी ढिल्लो के अनुसार फरार तीनों आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

No comments