ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में NRI के घर से लाखो की चोरी का आरोपी कुरुक्षेत्र से साथी सहित गिरफ्तार ...

- 15 साल से घर में था केयरटेकर कुक, परिवार और साले के साथ मिल दिया वारदात को अंजाम 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला    

कपूरथला के डीसी चौक के नजदीक एक एनआरआई के घर से लाखो का कीमती सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में NRI के घर में करीब 15 वर्षों से खाना बनाने का काम कर रहा केयरटेकर कुक ही मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, जो अपने परिवार और साले के साथ घर का कीमती सामान लेकर फरार हो गया था।

एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि शिकायतकर्ता बलजीत सिंह के अनुसार प्रकाश सिंह पुत्र सुधामा सिंह निवासी मोहल्ला अमन नगर, डीसी चौक के नजदीक, जो मौजूदा समय में टिहरी, उत्तराखंड का निवासी है, पिछले करीब 15 वर्षों से उनके घर खाना बनाने का काम कर रहा था।

शिकायत के मुताबिक, 9 नवंबर को शिकायतकर्ता राजबीर सिंह निवासी मोहल्ला जट्टपुरा के साथ बलजीत सिंह के डीसी चौक स्थित घर पहुंचे। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो प्रकाश सिंह अपने परिवार और साले सहित वहां से गायब था।

इसके बाद घर के सामान की जांच की गई तो एक एलसीडी, स्कूटी, फ्रिज, पीतल के बर्तन, क्रॉकरी, एसी, कार, कपड़े, कूलर, गैस सिलेंडर, विदेशी कपड़े और चांदी की शील्ड सहित अन्य कीमती सामान गायब मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश करते हुए हरियाणा के कुरुक्षेत्र से दो आरोपियों (प्रकाश सिंह व गम्भीर पुत्र मदनलाल वासी उत्तराखंड) को काबू कर लिया। और चोरी किया काफी सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है तथा चोरी किए गए अन्य सामान की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

15 साल के भरोसे को लगा झटका

इस घटना ने घरों में लंबे समय से काम करने वाले कर्मचारियों पर भरोसे और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही चोरी हुए सामान की पूरी कीमत और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। 

No comments