ब्रेकिंग न्यूज़

दीपावली पर आस्था से करें मां लक्ष्मी - गणेशजी की पूजा, पढ़े क्या है शुभ समय.. ?

- शुभ मुहूर्त में पूजन करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली का होता है वास, पूजा के दौरान स्वच्छता और श्रद्धा का रखें विशेष ध्यान-- पंडित घनश्याम  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब   

दीपावली का पर्व भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का प्रमुख त्योहार है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु अपने घरों और प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी तथा भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

पंडित घनश्याम पांडेय ने बताया कि दीपावली के दिन मां लक्ष्मी और गणेशजी की पूजा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। पूजा से पहले घर की अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए और पूजा स्थल को फूलों, दीपकों तथा रंगोली से सजाना चाहिए। 

पंडित जी के अनुसार, पूजा के लिए चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर सबसे पहले भगवान गणेश, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित करनी चाहिए। इसके बाद दीपक जलाकर रोली, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप, मिठाई, फल और नैवेद्य अर्पित करना चाहिए। भगवान गणेश की पूजा के बाद मां लक्ष्मी की पूजा और आरती करनी चाहिए। इस अवसर पर कुबेर देवता का पूजन भी विशेष फलदायी माना जाता है। 

- दीपावली 2026 का शुभ मुहूर्त 

पंचांग के अनुसार, इस वर्ष दीपावली का पर्व रविवार, 8 नवंबर 2026 को मनाया जा रहा है। पंचांग के अनुसार लक्ष्मी-गणेश पूजन का मुख्य शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 58 मिनट से 7 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। इसकी कुल अवधि 1 घंटा 54 मिनट है। कार्तिक अमावस्या 8 नवंबर को सुबह 11 बजकर 27 मिनट से शुरू होकर 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। 

पंडित घनश्याम पांडेय ने कहा कि दीपावली पर केवल धन-संपत्ति की कामना करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवार में प्रेम, सद्भाव, शांति और अच्छे संस्कारों को भी महत्व देना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली पर मिट्टी के दीपक जलाएं, जरूरतमंदों की सहायता करें और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पटाखों का कम से कम इस्तेमाल करें।

उन्होंने सभी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मां लक्ष्मी से प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की है। 

No comments