PPCB की चेयरपर्सन ने पवित्र काली वेईं का किया दौरा ...
- पंजाब की नदियों और दरियाओं को प्रदूषण मुक्त करने के लिए बोर्ड संत सीचेवाल के नेतृत्व में तैयार करेगा रणनीति : रीना गुप्ता
- काला संघिया ड्रेन और बूढ़े दरिया को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) की चेयरपर्सन रीना गुप्ता ने आज निर्मल कुटिया में पर्यावरण प्रेमी और राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगतों के सहयोग से साफ की गई पवित्र काली वेईं का दौरा किया और इसकी सफाई के लिए पिछले 25 वर्षों के दौरान किए गए प्रयासों के बारे में जानकारी हासिल की। पवित्र काली वेईं की सफाई और पुनर्जीवन के कार्यों से प्रभावित होकर रीना गुप्ता ने कहा कि पंजाब की नदियों और दरियाओं को प्रदूषण मुक्त करने के लिए बोर्ड संत सीचेवाल के नेतृत्व में ठोस रणनीति तैयार करेगा।
इस मौके पर संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पीपीसीबी की चेयरपर्सन और उनके साथ आए अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक बैठक की। बैठक के दौरान पंजाब के दरियाओं, ड्रेनों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों में फैल रहे प्रदूषण का गंभीर मुद्दा उठाया गया। संत सीचेवाल ने वीडियो के माध्यम से काला संघिया ड्रेन और बूढ़े दरिया में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा करते हुए इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि काला संघिया ड्रेन को प्रदूषण मुक्त करवाने के लिए 22 फरवरी 2008 से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद ड्रेन के शहरी क्षेत्र में पक्का निर्माण होने के बाद भी इसमें गंदा पानी गिरना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों को जवाबदेह बनाने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक के दौरान चिट्टी वेईं और पवित्र काली वेईं में गंदे पानी की निकासी का मामला भी प्रमुखता से विचाराधीन रहा। संत सीचेवाल ने जालंधर, लुधियाना और कपूरथला क्षेत्रों में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों के सुचारू संचालन, बाईपास के माध्यम से गंदे पानी की निकासी रोकने और निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने की मांग की। इस दौरान पीपीसीबी की चेयरपर्सन रीना गुप्ता ने काला संघिया ड्रेन और बूढ़े दरिया को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रीना गुप्ता ने संत सीचेवाल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, दरियाओं की सफाई और जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यों की चर्चा विश्व स्तर पर होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त करने से जुड़े कार्यों में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
इसके बाद संत सीचेवाल ने चेयरपर्सन और अधिकारियों को संगतों के सहयोग से साफ की गई पवित्र काली वेईं के पानी का टीडीएस स्तर चेक करवाया और उन्हें नाव के माध्यम से वेईं के दर्शन करवाए। इस मौके पर पीपीसीबी के सदस्य सचिव डॉ. लवनीत कुमार दूबे, चीफ इंजीनियर आर. के. रतड़ा सहित बोर्ड के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
पवित्र काली वेईं के दर्शन के बाद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पीपीसीबी की चेयरपर्सन रीना गुप्ता और उनके साथ आए अधिकारियों को गांव तलवंडी माधो में स्थापित सीचेवाल मॉडल-2 तथा गांव डल्ला साहिब में विकसित सीचेवाल मॉडल-3 दिखाए। इन मॉडलों की विशेषता यह है कि गांवों के गंदे पानी को शोधित करके कृषि कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे न केवल पानी का पुनः उपयोग संभव हो रहा है, बल्कि छप्पड़ों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों में गंदा पानी जाने से रोकने में भी मदद मिल रही है। इसके साथ ही इन स्थानों पर पार्क भी विकसित किए गए हैं, जो गांवों के वातावरण को सुंदर बनाने और लोगों को सैर-सपाटे के लिए स्वच्छ स्थान उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



.jpg)







.jpeg)














No comments