ब्रेकिंग न्यूज़

CM मान के कैंप ऑफिस पर CBI की रेड, OSD के घर भी पहुंची टीम ...

- हाईकोर्ट के आदेश के बाद भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई  

- चंडीगढ़ के अलावा संगरूर और मोहाली में भी सर्च 

खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब   

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस में मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रेड की है। सीबीआई की टीमें CM कार्यालय से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के तहत कई ठिकानों पर एक साथ पहुंचीं। चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित कैंप ऑफिस के अलावा मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन के संगरूर स्थित आवास तथा मोहाली के फेज-11 स्थित उनके करीबी रिश्तेदार के ठिकाने पर भी सर्च की कार्रवाई हुई। 

जानकारी अनुसार मामला CM कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और सरकारी कामकाज में कथित हस्तक्षेप के आरोपों से जुड़ा है। ED ने पंजाब के DGP को भेजे तीन पत्रों में सरकारी ट्रांसफर-पोस्टिंग, CLU मामलों, टेंडर और अन्य सरकारी कामों में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इन पत्रों में मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन का नाम भी शामिल था। 

ED के पत्रों पर पंजाब पुलिस की ओर से FIR दर्ज न किए जाने के बाद अधिवक्ता निखिल सराफ ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। 5 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने मामले की जांच CBI को सौंपते हुए केंद्रीय एजेंसी को आपराधिक मामला दर्ज करने और जांच की स्टेटस रिपोर्ट दो महीने के भीतर पेश करने का निर्देश दिया। 

हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मंगलवार को कई स्थानों पर एक साथ सर्च अभियान चलाया गया। रिपोर्टों के अनुसार जांच का दायरा मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े अधिकारियों और कथित बिचौलियों तक है।

पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया

हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए पंजाब सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की। सरकार हाईकोर्ट के CBI जांच संबंधी आदेश पर रोक चाहती है।

इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पहले ED और केंद्रीय एजेंसियों के आरोपों को खारिज किया है। दूसरी ओर, जांच एजेंसियां ED की ओर से लगाए गए आरोपों और उपलब्ध सामग्री के आधार पर मामले की जांच कर रही हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। 

No comments