ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में पेट्रोल पम्प कर्मिओ पर हथियारों से हमला, 2 कर्मचारी गंभीर घायल ...

- फ्यूल के पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद, घटना CCTV में कैद   

- पंप मालिक का आरोप, गाड़ी में सवार होकर आए 5 से 7 युवकों ने कृपाण, तलवार और टकुओं से किया हमला  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला   

कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में दाना मंडी के पास स्थित पेट्रोल पम्प पर आज दिनदहाड़े हथियारों से हमला करने और पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पंप मालिक के अनुसार, फ्यूल के पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक हो गया। यह घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में भी कैद हो गई है। वहीँ थाना प्रभारी दविंदरपाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद cctv के आधार पर मामले की जाँच शुरू कर दी है। 

पंप मालिक सुरिंदर सिंह और मैनेजर सनी ने बताया कि दो युवक पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाने आए थे। फ्यूल भरने के बाद जब कर्मचारियों ने उनसे पैसे मांगे, तो कथित तौर पर उन्होंने गुस्सा दिखाते हुए कहा कि कर्मचारी नहीं जानते कि वे कौन हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। 

पंप मालिकों का आरोप है कि विवाद के कुछ समय बाद एक गाड़ी में सवार होकर पांच से सात युवक मौके पर पहुंचे। उनके पास कथित तौर पर कृपाण, तलवार और टकुए जैसे हथियार थे। आरोप है कि युवकों ने आते ही पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पंप मालिकों ने हमलावरों में रोबल लाहौरिया नाम के व्यक्ति के शामिल होने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों ने मुफ्त में फ्यूल भरवाने का दबाव बनाया था।

कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट

हमले के दौरान पंप कर्मचारी रंजीत बाबू के सिर पर गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पंप मालिकों के मुताबिक, पूरी घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिससे मामले की जांच में मदद मिल सकती है।

अनाज मंडी के पास वारदात से सुरक्षा पर सवाल

घटना के समय अनाज मंडी में किसानों की मौजूदगी के कारण क्षेत्र में काफी भीड़ थी। ऐसे में दिनदहाड़े हथियारों से हमला किए जाने के आरोपों ने स्थानीय व्यापारियों और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

पंप मालिकों का कहना है कि यदि फ्यूल के पैसे मांगने पर कर्मचारियों के साथ इस तरह मारपीट की जाती है, तो व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। अब मामले में पुलिस की कार्रवाई और CCTV फुटेज की जांच अहम मानी जा रही है। 

No comments