GMADA दफ्तर में ED की बड़ी रेड, चीफ इंजीनियर का कार्यालय सील ....
- वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ, मोबाइल फोन भी लिए कब्जे में
- करीब 150 करोड़ के CLU और फीस चूक मामले से जोड़कर देखी जा रही कार्रवाई
खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब
ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के मोहाली स्थित कार्यालय में मंगलवार को ED की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ताजा जानकारी के मुताबिक ED की टीम ने GMADA कार्यालय में पहुंचकर रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान चीफ इंजीनियर के कार्यालय को सील किए जाने की भी जानकारी आई है।
सूत्रों की माने तो ED की टीमों ने GMADA के वरिष्ठ अधिकारियों से भी पूछताछ की। चीफ इंजीनियर के अलावा एस्टेट ऑफिसर और अतिरिक्त मुख्य प्रशासक को अलग-अलग बुलाकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिए जाने की बात है।
बताया जा रहा है कि ED की टीमें करीब तीन वाहनों में GMADA कार्यालय पहुंचीं। कार्रवाई में जालंधर, चंडीगढ़ और दिल्ली से आई टीमें शामिल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ED की ओर से इस कार्रवाई के उद्देश्य और जांच के दायरे को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई GMADA में सामने आए करीब 150 करोड़ रुपये के CLU और फीस से जुड़े मामले की जांच से संबंधित मानी जा रही है। वहीँ न्यू चंडीगढ़ स्थित सनटेक सिटी सहित कुछ अन्य प्रोजेक्ट भी जांच के दायरे में होने की बात कही जा रही है।
इससे पहले भी ED ने पंजाब में रियल एस्टेट और कथित फर्जी CLU/निवेशक धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। हालांकि, GMADA कार्यालय में मंगलवार की कार्रवाई को इसी मामले से जोड़ने की आधिकारिक पुष्टि अभी ED की ओर से नहीं की गई है।
दूसरी तरफ ED की कार्रवाई के बाद शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि मोहाली में ED की कार्रवाई से पंजाब सरकार में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मजीठिया ने अपनी पोस्ट में हाउसिंग विभाग के अधिकारियों और कुछ अन्य अधिकारियों के नामों का उल्लेख करते हुए उनकी कथित भूमिका की जांच की मांग की। उन्होंने किसानों से कम कीमत पर जमीन लेकर बड़े डेवलपर्स को दिए जाने सहित कई मामलों की जांच की मांग भी उठाई।
हालांकि, मजीठिया की ओर से लगाए गए इन राजनीतिक आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल ED की जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने और एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में किन दस्तावेजों, अधिकारियों और प्रोजेक्टों को औपचारिक रूप से शामिल किया गया है।



.jpg)







.jpeg)














No comments