ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में एक घर पर जलती पेट्रोल की बोतलें फेंकने का आरोप ...

- तीन नकाबपोश बाइक सवारों ने रात करीब 3 बजे दिया घटना को अंजाम, परिवार सुरक्षित, अज्ञात पर FIR दर्ज  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला की सब-डिवीजन फगवाड़ा की थापर कॉलोनी में बीती 18-19 सितंबर की रात उस समय दहशत फैल गई, जब तीन अज्ञात नकाबपोश लोगों ने कथित तौर पर एक घर पर पेट्रोल से भरी जलती हुई बोतलें फेंक दीं। घटना के समय परिवार घर के अंदर मौजूद था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना थाना सतनामपुरा के क्षेत्र में रात करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तीन व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आए थे और उनके चेहरे ढके हुए थे। आरोप है कि उन्होंने घर की तरफ पेट्रोल से भरी जलती हुई बोतलें फेंकीं और इसके बाद मौके से फरार हो गए।

घर में रहने वाले रवि कुमार ने बताया कि घटना के समय परिवार घर के अंदर मौजूद था। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने घर को निशाना बनाते हुए जलती हुई बोतलें फेंकीं। उन्होंने बताया कि घटना के कुछ ही मिनटों बाद पुलिस को सूचना दे दी गई थी। हालांकि, उनका आरोप है कि काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।

रवि कुमार ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कॉलोनीवासियों में चिंता

घटना के बाद थापर कॉलोनी के निवासियों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले भी इलाके में संदिग्ध अथवा अनजान लोगों की आवाजाही को लेकर पुलिस को सूचित किया था। निवासियों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज की FIR

इस संबंध में थाना सतनामपुरा के SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

No comments