ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में दो गुटों में झड़प ...

- घायलों के उपचार के दौरान तेजधार हथियार लेकर पहुंचा दूसरा गुट  

- मिनी OT में मचा हड़कंप; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उपचार करवाने पहुंचे दो गुटों के लोगों के बीच कथित तौर पर हिंसक झड़प हो गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि ड्यूटी डॉक्टर को तुरंत पुलिस को सूचना देनी पड़ी। घटना के बाद इमरजेंसी वार्ड में जगह-जगह बिखरा खून पूरे घटनाक्रम की गंभीरता बयां कर रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार देर रात गांव बूट में किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए कपूरथला सिविल अस्पताल लाया गया। ड्यूटी डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर ही रही थी कि दूसरे गुट के कुछ लोग कथित तौर पर तेजधार हथियार लेकर अस्पताल पहुंच गए।

इसके बाद देखते ही देखते इमरजेंसी वार्ड के मिनी OT में दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई और झड़प होने की नौबत आ गई। हालात बिगड़ते देख ड्यूटी डॉक्टर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम के साथ डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

ड्यूटी डॉक्टर साहिल गर्ग के अनुसार घटना में करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

वहीं डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने बताया कि गांव बूट में दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के घायल उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे थे, जहां दोबारा झड़प होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments