ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत ...

- गांव कढाल कलां के पास हुआ दर्दनाक हादसा, एक मृतक की पत्नी अस्पताल में भर्ती 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला के गांव कढाल कलां के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रभजीत सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी मोठांवाल और रविंदर सिंह पुत्र महिंदर सिंह निवासी कलरू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गांव कढाल कलां के पास दोनों मोटरसाइकिल सवार आमने-सामने टकरा गए। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया गया।

मृतक प्रभजीत सिंह के परिवार वालों ने बताया कि प्रभजीत सिंह की पत्नी गर्भवती है और डिलीवरी के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती है। प्रभजीत सिंह अस्पताल से घर के लिए खाना लेने गया था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

वहीं, मृतक रविंदर सिंह के परिवार वालों के मुताबिक, वह ट्रैक्टर वर्कशॉप में काम करता था और काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कढाल कलां के पास हादसा हो गया।

सिविल अस्पताल कपूरथला में ड्यूटी पर तैनात डॉ. इंदरप्रीत सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में घायल दो लोगों को अस्पताल लाया गया था। जांच करने पर दोनों को मृत पाया गया। हादसे की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

No comments