ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में एक घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखो की चोरी ....

- सीसीटीवी में घर के पीछे घूमते नजर आए संदिघ्ध, FIR दर्ज 

- धार्मिक स्थान पर माथा टेकने गया था परिवार, अगले दिन लौटने पर खुला चोरी का राज  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला  

कपूरथला के अजीत नगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखो रूपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। हालाँकि कि घर के पीछे लगे CCTV केमरो में एक महिला और व्यक्ति संदिघ्ध कैद भी हुए है। 

बताया जा रहा है कि परिवार धार्मिक स्थानों पर माथा टेकने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। अगले दिन परिवार के वापस लौटने पर घर के पीछे का दरवाजा खुला मिला और अंदर कमरों में सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलमारी के लॉकर से करीब 3.50 लाख रुपए की नगदी गायब मिली। घटना की शिकायत के बाद थाना सिटी पुलिस ने फ़िलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस को दी शिकायत में अजीत नगर निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि वह एक वकील के साथ क्लर्क के तौर पर काम करता है। उसने बताया कि उसे अपने घर का निर्माण कार्य शुरू करवाना था। इसी के चलते उसने एचडीएफसी बैंक से 2 लाख रुपए निकलवाए थे, जबकि उसकी मौसी का बेटा बलजीत सिंह निवासी गांव नूरपुर लुबाणा, ढिलवां, घर बनाने के लिए उसे 1 लाख रुपए देकर गया था। उक्त राशि उसने घर में रखी अलमारी के लॉकर में सुरक्षित रखी थी। अलमारी में पहले से भी कुछ नगदी मौजूद थी।

रणजीत सिंह के अनुसार, वह अपनी मां व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पीर निगाहे और श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के लिए गया हुआ था। अगले दिन जब परिवार वापस घर पहुंचा तो घर के पीछे लगा लकड़ी का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर खुले हुए थे।

जब लॉकर की जांच की गई तो उसमें रखी करीब 3.50 लाख रुपए की नगदी गायब मिली। परिवार को आशंका है कि चोर घर के पीछे से दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।

घटना के बाद जब घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो एक महिला और एक व्यक्ति घर के पीछे खाली प्लाट में घूमते हुए दिखाई दिए। परिवार को संदेह है कि सीसीटीवी में दिखाई दे रहे उक्त दोनों लोगों का चोरी की वारदात से संबंध हो सकता है।

शिकायत के आधार पर थाना सिटी पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने तथा उनकी तलाश के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। 

No comments