कपूरथला के स्कूल में फोर्टिफाइड फूड्स को लेकर लगाया जागरूकता कैंप ...
- बच्चों को जंक फूड से दूर रहने और +F मार्क वाले खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल के लिए किया जागरूक
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
डिप्टी कमिश्नर कपूरथला आकाश बांसल और सिविल सर्जन डॉ. राजीव पराशर के निर्देशों पर फूड सेफ्टी विंग कपूरथला की ओर से असिस्टेंट कमिश्नर हरजोत पाल सिंह की देखरेख में ओलंपियन कृष्ण बी. पाठक सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, हुसैनपुर में जागरूकता कैंप लगाया गया।
कैंप के दौरान विद्यार्थियों को बाजार में उपलब्ध +F मार्क वाले फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि फोर्टिफाइड आटा, मैदा और चावल में आयरन, फोलिक एसिड तथा विटामिन बी-12 जैसे जरूरी पोषक तत्व मिलाए जाते हैं। वहीं दूध और तेल को विटामिन ए व डी से फोर्टिफाइड किया जाता है। खाने वाले नमक में आयोडीन और आयरन की मात्रा सुनिश्चित करने के लिए इसे डबल फोर्टिफाइड किया जाता है।
फूड सेफ्टी विंग ने बताया कि नागरिकों को नीले +F लोगो वाले फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थों, जैसे आटा, मैदा, तेल, दूध, चावल और नमक को प्राथमिकता देनी चाहिए। ये खाद्य पदार्थ शरीर के लिए जरूरी विटामिन और मिनरल की पूर्ति में सहायक होते हैं। साथ ही बताया गया कि फोर्टिफाइड फूड का स्वाद सामान्य खाद्य पदार्थों जैसा ही होता है और यह आम तौर पर सामान्य खाद्य पदार्थों के समान कीमत पर उपलब्ध होता है।
इस दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए बर्गर, पिज्जा, फास्ट फूड, सॉफ्ट ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक जैसे जंक फूड से बचने की सलाह दी गई।
फूड सेफ्टी विंग की टीम ने स्कूल के मिड-डे मील किचन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान दो तैयार खाद्य पदार्थों, दाल और चपाती के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए स्टेट फूड लैब भेजा गया है।
कैंप में विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें खाना खाने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने, नाखून छोटे रखने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया।
मिड-डे मील तैयार करने वाले कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि खाना हमेशा साफ-सुथरी जगह पर तैयार किया जाए। कर्मचारियों को नाखून छोटे रखने, सिर ढककर रखने, एप्रन पहनने तथा तैयार भोजन को ढककर रखने की हिदायत भी दी गई, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध करवाया जा सके।



.jpg)







.jpeg)














No comments