ब्रेकिंग न्यूज़

अमित शाह की नशा मुक्त रैली में दो BJP कार्यकर्ताओं की मौत ...

- मंच से प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दी जानकारी, दोनों कार्यकर्ताओं को दी श्रद्धांजलि 

खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब   

भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन अवसर पर बुधवार को जालंधर में परागपुर के पास आयोजित विशाल रैली के दौरान दो भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत हो गई है। इस रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंच से दोनों कार्यकर्ताओं की मौत की जानकारी देते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। 

जानकारी के अनुसार, दोपहर को रैली में पहुंचे एक कार्यकर्ता की पंडाल में प्रवेश से पहले गेट पर चेकिंग के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह नीचे गिर पड़ा। सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों और पुलिस मुलाजिमों ने तत्काल उसे संभाला। उसे पानी पिलाने के साथ सीपीआर देने का प्रयास किया गया। 

इसके बाद उसे एंबुलेंस के जरिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। रैली की सुरक्षा व्यवस्था के तहत तैनात मेडिकल स्टाफ ने भी एंबुलेंस में उसे प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्शदीप सिंह के रूप में बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी में उसकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। हालांकि अंतिम कारण की पुष्टि संबंधित जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी।

इसी रैली के दौरान एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता विनोद कुमार की भी मौत होने की खबर है। जालंधर देहात पुलिस के अनुसार दूसरे कार्यकर्ता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस दोनों मामलों की परिस्थितियों की जांच कर रही है तथा मृतकों की पहचान और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।

मंच से दी गई श्रद्धांजलि

दो कार्यकर्ताओं की मौत की जानकारी भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रैली के मंच से दी। उन्होंने कहा कि रैली में शामिल होने आए भाजपा के दो कार्यकर्ता अब उनके बीच नहीं रहे। ढिल्लों ने दोनों कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पार्टी उनके परिवारों के साथ खड़ी है और उनके दुख में शामिल है।उन्होंने दोनों कार्यकर्ताओं को ‘पंजाब के शहीद’ बताते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पुलिस अधिकारिओ के अनुसार दोनों मौतों के कारणों और पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम/मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य जांच के बाद मौतों के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

No comments