RCF एम्पलाइज यूनियन ने महाप्रबंधक के साथ की बैठक ...
- इंसेंटिव में गिरावट, सुरक्षा और खाली पदों को भरने का उठाया मुद्दा
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज महाप्रबंधक महोदय के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में कारखाने और कर्मचारियों से जुड़े कई ज्वलंत एवं गंभीर मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में यूनियन के अध्यक्ष अमरीक सिंह, महासचिव सर्वजीत सिंह, चेयरमैन दर्शन लाल, कार्यकारी अध्यक्ष मनजीत सिंह बाजवा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बच्चितर सिंह, सहायक सचिव त्रिलोचन सिंह, संगठन सचिव भरत राज तथा कार्यकारिणी सदस्य एवं शैल डिविजन के सचिव अवतार सिंह विशेष रूप से शामिल रहे।
बैठक के दौरान जुलाई माह के इंसेंटिव में आई भारी गिरावट और आरसीएफ कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए यूनियन के अध्यक्ष अमरीक सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि कारखाने के कर्मचारियों द्वारा दिन-रात कड़ा परिश्रम करके भरपूर उत्पादन दिया जा रहा है, इसके बावजूद इंसेंटिव में 60-70% की भारी गिरावट होना पूरी तरह से निराशाजनक है।
उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि वर्तमान में फर्निशिंग एवं फिनिशिंग शॉप में 400 से अधिक कोच खड़े हैं जिनमें लगभग 90% कार्य पूर्ण हो चुका है। यदि आवश्यक सामग्री की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित कर इन कोचों को शीघ्र गेट आउट किया जाए, तो कर्मचारियों को भविष्य में इंसेंटिव का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। इसके साथ ही, उन्होंने आरसीएफ कॉलोनी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ की पेट्रोलिंग, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत कड़ा करने की पुरजोर मांग की।
कारखाने में स्टाफ की कमी और प्रशासनिक सुधारों पर अपनी बात रखते हुए यूनियन के महासचिव सर्वजीत सिंह ने कहा कि आरसीएफ में लेवल-I के खाली पड़े 741 पदों को भरने के लिए रेलवे बोर्ड के स्तर पर उच्च स्तरीय प्रयास किए जाएं। उन्होंने बताया कि सुपरवाइजरों की भारी कमी के चलते प्रोडक्शन कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए विशेष भर्ती हेतु स्पेशल इंडेंट भेजने, प्रमोशन चैनल से पद भरने तथा इलेक्ट्रिकल व मैकेनिकल विभागों में अन्य स्थानों से स्टाफ की व्यवस्था करने पर गंभीर चर्चा हुई है। इसके अलावा, 25% रैंकर कोटा के तहत ट्रेनिंग कर रहे जूनियर इंजीनियरों की ट्रेनिंग कर्टेलमेंट के आदेश होना और विभिन्न शॉप्स में साफ-सफाई व स्क्रैप निस्तारण के लिए स्पेशल सेल के गठन की मांग को यूनियन ने एक बड़ी सकारात्मक शुरुआत बताया है।
RCFEU ने विश्वास जताया है कि प्रबंधन इन सभी गंभीर बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों के हित में उचित कदम उठाएगा।



.jpg)







.jpeg)














No comments