NHM कर्मचारियों का मांगों को लेकर प्रदर्शन, डीसी को सौंपा मांगपत्र .....
- 2 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान, सरकार को दी चुनाव में परिणाम भुगतने की चेतावनी
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला में पिछले कई दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) कर्मचारियों ने मंगलवार को सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय में एकत्र होकर जमकर नारेबाजी की और बाद में DC कपूरथला आकाश बंसल को मांग पत्र सौंपकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।
इस दौरान यूनियन के जनरल सेक्रेटरी राम सिंह ने कहा कि NHM कर्मचारी पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहद कम वेतन पर काम करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा महंगाई के दौर में कम वेतन के कारण कर्मचारियों के लिए अपने परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
राम सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के साथ कई बार बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन हर बार बैठक का नतीजा कोई ठोस समाधान निकलने के बजाय तारीख आगे बढ़ाने तक सीमित रह जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार NHM कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही, जिसके चलते कर्मचारियों में भारी रोष है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और अब वे सरकार की ओर से सिर्फ आश्वासनों और तारीखों से थक चुके हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कर्मचारियों के सब्र का ज्यादा इम्तिहान न लिया जाए। यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले चुनावों में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
यूनियन ने ऐलान किया कि कर्मचारियों की हड़ताल 2 सितंबर तक जारी रहेगी। नेताओं ने कहा कि जब तक सरकार उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर कोई ठोस फैसला नहीं करती, तब तक संघर्ष को आगे भी तेज किया जा सकता है।
इस मौके पर डॉ. योगेश सहगल, डॉ. जतिंदर संधू, डॉ. गौरव, हरदीप सिंह, पंकज वालिया, गुरप्रीत कौर, रंजीत कौर, निरवैर सिंह, गुरविंदर, रितु सहित बड़ी संख्या में NHM कर्मचारी मौजूद रहे।



.jpg)







.jpeg)














No comments