ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में मंदिर के बाहर भिखारिन से चप्पलों से मारपीट, CCTV वायरल ....

- सिटी थाना में FIR दर्ज, गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी जारी-- DSP 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला के ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर बच्चे के साथ बैठी एक महिला भिखारी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर महिला आयोग के हस्तक्षेप और पुलिस द्वारा सूमोटो नोटिस लेते हुए आरोपी व्यक्ति के खिलाफ थाना सिटी में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मंदिर के गेट के बाहर बैठी महिला के साथ एक व्यक्ति द्वारा चप्पलों से मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में आरोपी पहले महिला को चप्पलों से पीटता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोगों द्वारा उसे रोकने और महिला को छुड़ाने के बावजूद आरोपी ने महिला पर लात से भी हमला किया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी व्यक्ति मंदिर के सामने ही दुकान करता है। बताया जा रहा है कि महिला के साथ बैठे बच्चों द्वारा आरोपी की बाइक से कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने के बाद वह गुस्से में आ गया और उसने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि महिला की ओर से इस मामले में अभी तक कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद महिला आयोग और ह्यूमन राइट्स कोर कमेटी की ओर से भी मामले में कार्रवाई की मांग की गई, जिसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की।

डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के दौरान वीडियो में मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान विकास शर्मा पुत्र पवन कुमार, निवासी शेखपुर के रूप में हुई है। आरोपी मंदिर के सामने दुकान करता है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूमोटो नोटिस लेते हुए थाना सिटी में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 


No comments