कपूरथला में युवक की करंट लगने से मौत ....
- ट्रांसफार्मर का स्विच लगाने गया था, करंट की चपेट में आया, गांव में पसरा मातम
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला के कस्बा काला संघियां के गांव अली चक्क में बिजली का करंट लगने से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान किसान परमजीत सिंह के पुत्र सुखप्रीत सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार सुखप्रीत सिंह बिजली के ट्रांसफार्मर का स्विच लगाने के लिए गया था। इसी दौरान ट्रांसफार्मर में करंट आने से वह इसकी चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि करंट लगने के बाद उसका पैर पानी वाली आड़ में चला गया। पानी में अर्थ होने के कारण करंट का प्रभाव और अधिक घातक हो गया और सुखप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सुखप्रीत सिंह को ग्रामीण एक होनहार और मिलनसार युवक के रूप में जानते थे। इतनी कम उम्र में उसकी मौत से परिवार और परिचितों को गहरा सदमा लगा है।
गांव के सरपंच मोता सिंह पन्नू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए किसानों और ग्रामीणों से बिजली के उपकरणों तथा ट्रांसफार्मर आदि के साथ काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिस ट्रांसफार्मर के पास हादसा हुआ, उसके ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली की लाइन भी गुजरती है।
सरपंच ने आशंका जताई कि संभवतः हाई वोल्टेज लाइन के माध्यम से ट्रांसफार्मर वाले खंभे में करंट आया हो। उन्होंने संबंधित बिजली विभाग से हादसे के वास्तविक कारणों की जांच करवाने और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।



.jpg)







.jpeg)














No comments