ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार ...

- चार खाली कारतूस बरामद, दूसरे आरोपी की भी हुई पहचान, पुलिस की छापेमारी जारी 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के काला संघियां क्षेत्र में लुंबा हैंडलूम पर हुई फायरिंग के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 7.62 MM के चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 

एसपी हरिंदर सिंह ने बताया कि 8 अगस्त की आधी रात को करीब एक बजे दो बाइक सवार अज्ञात युवकों ने गांव काला संघियां स्थित लुंबा हैंडलूम की दुकान पर गोलियां चलाई थीं। इस संबंध में आलमगीर वासी कुलदीप कुमार लुंबा की शिकायत पर थाना सदर में BNS की धारा 125 और आर्म्स एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया था। 

मामले की जांच के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी टीम और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अमरजीत सिंह निवासी शाहले चक, गुरदासपुर को गिरफ्तार कर लिया। 

जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता का बेटा इंग्लैंड में रहता है और उसका गुरदासपुर जिले के डेयरीवाल गांव निवासी करनदीप सिंह के साथ आर्थिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमरजीत सिंह ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उसने करनदीप सिंह के भाई हरमनदीप सिंह के कहने पर लुंबा हैंडलूम की दुकान पर फायरिंग की थी। 

पुलिस ने फायरिंग में शामिल दूसरे व्यक्ति की पहचान भी कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। SP हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि मामले में चार खाली 7.62 एमएम के कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस की आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

No comments