ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला मेयर चुनाव विवाद में आज हाईकोर्ट में सुनवाई ....

- दोनों पक्षों की नजर माननीय अदालत की कार्यवाही पर टिकी  

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला   

कपूरथला नगर निगम के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के विवादित चुनाव को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में आज बुधवार को सुनवाई होनी है। हालांकि दोपहर बाद सुनवाई होने की संभावना जताई जा रही है। इस मामले में आज कोई फैसला आने की उम्मीद भी की जा रही है। वहीँ दोनों पक्ष ही अपने हक में फैसला आने की उम्मीद लगाए बैठे है। 

गौरतलब है कि 8 जुलाई 2026 को नगर निगम कपूरथला में हुए मेयर चुनाव को कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत सिंह और अन्य कांग्रेस पार्षदों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। याचिका में चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे रद्द करने की मांग की गई है।

मामले की पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने नवनिर्वाचित मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर की शक्तियों पर रोक लगा दी थी। साथ ही कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर को नगर निगम का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए थे।

वहीं, 8 जुलाई को हुई चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी में सामने आई कथित गंभीर खामियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL), चंडीगढ़ भेजने के निर्देश दिए थे। अदालत ने CFSL से वीडियो की फ्रेम-बाय-फ्रेम फॉरेंसिक जांच के साथ-साथ ऑडियो की स्क्रिप्ट भी मांगी है। इस रिपोर्ट को मामले की आगे की सुनवाई में बेहद अहम माना जा रहा है।

इस मामले में हाईकोर्ट ने प्रतिवादी संख्या 6 से 29 तक शामिल सभी 24 पार्षदों को पहले ही नोटिस जारी कर अदालत में पेश होने के आदेश दिए थे। इसके बाद 30 जुलाई को पंजाब एवं हरियाणा में LDC/LADC सिस्टम के विरोध में वकीलों द्वारा नो-वर्क डे का आह्वान किए जाने के कारण मामले की अगली सुनवाई 26 अगस्त के लिए निर्धारित की गई थी।

अब आज होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या CFSL की रिपोर्ट अदालत के समक्ष पेश होगी और यदि रिपोर्ट आती है तो चुनाव प्रक्रिया में सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर अदालत क्या रुख अपनाती है।

कानूनी माहिरों के अनुसार, यदि CFSL की रिपोर्ट आज अदालत के समक्ष आती है तो यह रिपोर्ट मामले की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ऐसी स्थिति में हाईकोर्ट की ओर से मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के विवादित चुनाव को लेकर कोई महत्वपूर्ण आदेश या फैसला आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

फिलहाल दोपहर तक केस टेकअप नहीं हुआ है और लंच के बाद सुनवाई की संभावना है। कपूरथला नगर निगम के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों के साथ-साथ कांग्रेस तथा सत्तापक्ष से जुड़े नेताओं की नजरें अब हाईकोर्ट की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं। 

No comments