कपूरथला में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के चेहरे पर लगी गोली ...
- हालत गंभीर, प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला की सब डिवीजन सुल्तानपुर लोधी के गांव सरदुल्लापुर में देर रात हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस वारदात में गांव का 25 वर्षीय युवक सुखदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि युवक के चेहरे के बाईं तरफ गोली लगी है। फायरिंग की यह घटना गांव में लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के तुरंत बाद घायल सुखदीप सिंह को परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिवार के अनुसार, घायल युवक की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।
घायल युवक के भाई ने बताया कि उनके छोटे भाइयों पर पहले भी हमला करने की कोशिश की जा चुकी है। अब एक बार फिर फायरिंग की घटना में सुखदीप सिंह पुत्र जस्सा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार को जानकारी मिली है कि हमलावर काली रंग की गाड़ी में सवार होकर आए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों की पहचान जल्द की जाए। भाई का कहना है कि इस तरह खुलेआम गोलीबारी की घटनाओं से परिवार में डर का माहौल पैदा हो गया है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
गांव निवासी कर्मा ने भी घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि फायरिंग की वारदात के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बदमाशों के हौसले बढ़ सकते हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना कबीरपुर के प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना पुलिस के संज्ञान में आई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायल युवक का बयान दर्ज किया जाएगा और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस टीम CCTV फुटेज को खंगालने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान, वारदात में इस्तेमाल की गई काली गाड़ी और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। घायल युवक के बयान और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की इस वारदात के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।



.jpg)







.jpeg)














No comments