फर्जी महिला ASI काबू, वर्दी पहनकर थाने के आसपास घूमती थी ...
- संपन्न परिवार में शादी करने की चाहत में युवती ने किया फर्जीवाड़ा
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
पंजाब के मोगा में संपन्न परिवार में शादी करने की चाहत में एक युवती ने ऐसा फर्जीवाड़ा किया कि पुलिस भी हैरान रह गई। युवती ने खुद को पंजाब पुलिस की ASI बताया और इसके लिए नकली पुलिस वर्दी, वॉकी-टॉकी और फर्जी आई-कार्ड तक तैयार करवा लिया। करीब दो महीने तक वह रोजाना मोगा आकर पुलिस ड्यूटी करने का नाटक करती थी। पूछताछ की गई तो फर्जी ASI बनने का खुलासा हो गया। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि युवती ने अपनी इसी फर्जी पहचान के दम पर करीब एक महीने पहले एक संपन्न परिवार में शादी भी कर ली। ससुराल वालों को अपनी पुलिस की नौकरी पर विश्वास दिलाने के लिए वह रोजाना पुलिस की वर्दी पहनकर घर से निकलती और पूरा दिन मोगा में बिताती थी।
फर्जी ASI के रूप में उसका आत्मविश्वास इतना बढ़ गया कि वह पुलिस थाने के आसपास भी बेखौफ घूमने लगी। वह मोगा के थाना सिटी-1 के पास स्थित सांझ केंद्र में अपना टिफिन रख देती और वहां मौजूद स्टाफ को बताती कि उसकी ड्यूटी मेन चौक पर लगी हुई है। करीब एक घंटे बाद वह वापस आती, टिफिन उठाती और वहां से चली जाती।
युवती की रोजाना की एक जैसी गतिविधियों को देखकर पुलिस को उस पर शक हुआ। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की और उसकी पहचान व ड्यूटी के संबंध में जानकारी हासिल की तो पूरा मामला सामने आ गया। जांच में सामने आया कि वह पंजाब पुलिस की कर्मचारी नहीं थी, बल्कि फर्जी ASI बनकर लोगों पर रौब जमाती थी।
पुलिस ने आरोपी युवती कोमलप्रीत को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसने फर्जी वर्दी, आई-कार्ड और वॉकी-टॉकी कहां से हासिल किए और इस फर्जी पहचान के जरिए उसने अन्य लोगों को भी किसी तरह प्रभावित या ठगा है या नहीं।

.png)

.jpg)







.jpeg)














No comments