ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला मॉडर्न जेल में बंदियों के दो गुट भिड़े, 18 के खिलाफ FIR दर्ज ....

 - दो बंदी घायल, सिर और उंगली पर लगी चोट 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला मॉडर्न जेल की बैरक नंबर-2 में बंदियों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। घटना बीती शाम की बताई जा रही है। जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना कोतवाली कपूरथला पुलिस ने 18 बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जेल प्रशासन की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक बैरक नंबर-2 में तैनात वार्डर जरनैल सिंह ने जेल अधिकारियों को सूचना दी कि बैरक में कुछ बंदी आपस में लड़ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद जेल कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और न्यूनतम बल का प्रयोग करते हुए दोनों गुटों के बंदियों को अलग करवाया।

दो बंदी घायल, सिविल अस्पताल रेफर

मारपीट के दौरान परमबीर सिंह और प्रेम घायल हो गए। शिकायत के अनुसार परमबीर सिंह के सिर और उंगली पर चोट लगी, जबकि प्रेम के शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। दोनों को तत्काल जेल अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल अधिकारी ने प्राथमिक उपचार किया।

इसके बाद दोनों घायलों को बेहतर उपचार और MLR (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) करवाने के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला रेफर किया गया।

एक गुट में 14, दूसरे में चार बंदी

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार पहले गुट में भूपिंदर सिंह, जगरूप सिंह, सुखमनदीप सिंह, इंद्रजीत सिंह, साहिल सहोता, राहुल गिल, गुरप्रीत सिंह, जुगेश कुमार, जशनप्रीत सिंह, मनजिंदर सिंह, अमृतपाल सिंह, अर्शदीप सिंह, गगनदीप सिंह और मार्शल कंडा शामिल हैं।

वहीं दूसरे गुट में बूटा सिंह, साहिल वशिष्ठ, परमबीर सिंह उर्फ नानक और प्रेम के नाम बताए गए हैं।

जेल नियमों के उल्लंघन का आरोप

जेल प्रशासन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बंदियों ने आपस में मारपीट कर जेल अपराध किया और जेल के नियमों का उल्लंघन किया। शिकायत के आधार पर पुलिस से Prisons Act, 2026 की धारा 44(2) के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस संबंध में थाना कोतवाली कपूरथला में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच ASI गुरदेव सिंह को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और मारपीट में शामिल बंदियों की भूमिका की जांच की जा रही है।  

No comments