ब्रेकिंग न्यूज़

14 दिन से लापता का सड़ी-गली हालत में शव बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

- नशे के लिए साथ ले गए दोस्त, बेहोश होकर हुई मौत तो खेत में दबा दिया शव 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला के थाना फतूढींगा के गांव देसल से करीब 14 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 20 वर्षीय युवक अमनदीप सिंह की तलाश का मामला आखिरकार दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह अमनदीप को नशा करने के लिए घर से करीब 400 मीटर दूर खेतों की ओर ले गए थे। वहां नशा करने के बाद वह बेहोश हो गया। दोनों आरोपी उसे वहीं छोड़कर अपने घर लौट आए। अगले दिन जब वह वापस पहुंचे तो अमनदीप की मौत हो चुकी थी। 

थाना प्रभारी के अनुसार घटना को छिपाने के लिए दोनों आरोपियों ने खेत में पहले से खुदे हुए एक गड्ढे में अमनदीप के शव को दबा दिया और उसके ऊपर घास डाल दी, ताकि किसी को घटना का पता न चल सके। SHO दलविंदर सिंह ने बताया कि आज शुक्रवार को मृतक का शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कार्यवाही अंजाम में लाइ जायगी।   

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खेत से अमनदीप सिंह का शव बरामद कर लिया है। शव काफी समय से दबा होने के कारण सड़ी-गली हालत में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंसूरवाल स्थित मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय अमनदीप सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी गांव देसल, थाना फतूढींगा के रूप में हुई है। 

मिली जानकारी के अनुसार अमनदीप 14 अगस्त को फतूढींगा स्थित एक बैंक से दो बार में 30 हजार और 20 हजार रुपये निकालकर घर से अचानक लापता हो गया था। काफी समय तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने थाना फतूढींगा में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमनदीप को आखिरी बार गांव के ही दो युवकों के साथ देखा गया था। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं और कथित तौर पर दोनों ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया।

सिविल अस्पताल में मौजूद अमनदीप के रिश्तेदार और दोस्त भगवंत सिंह ने बताया कि अमनदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता ड्राइवर हैं, जबकि अमनदीप खुद मेहनत-मजदूरी करता था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन नशे की लत ने एक परिवार के इकलौते बेटे की जान ले ली।

गांववासियों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि नशे का बढ़ता प्रकोप युवाओं और उनके परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। उनका कहना है कि अमनदीप की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

मामले की जांच कर रहे थाना फतूढींगा के एसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि 14 अगस्त को अमनदीप के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई थी और पुलिस उसी दिन से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी निशानदेही पर खेत से अमनदीप का शव बरामद हुआ। 

एसआई के अनुसार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उनका तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल हुआ है। उन्होंने बताया कि अमनदीप के पास करीब 50 हजार रुपये होने की बात सामने आई है, लेकिन अब तक की पूछताछ में रुपयों के संबंध में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। 

No comments