ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब पुलिस का एक SI गिरफ्तार-- हेरोइन और ड्रगमनी बरामद ...

- ड्रग स्पलाई में मदद करने का आरोप, पुलिस की जाँच जारी 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। तरनतारन   

पंजाब के तरनतारन में खालड़ा थाना में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर को CIA स्टाफ की टीम ने हेरोइन और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार करने की खबर है। पुलिस विभाग के ही एक अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल बन गया है। 

जानकारी अनुसार CIA स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना खालड़ा में तैनात सब-इंस्पेक्टर अपनी वर्दी का दुरुपयोग करते हुए कथित तौर पर नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी डी रिपुतापन सिंह ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने सूचना की पुष्टि करने के बाद छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। 

सूत्रों केअनुसार पुलिस टीम ने तरनतारन जिले के गांव मजूपुर निवासी से जुड़े झबाल के पास स्थित एक अहाते में छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से करीब 300 ग्राम हेरोइन और कथित ड्रग मनी बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी SI को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।  

गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुट गई हैं कि आरोपी कितने समय से इस कथित गतिविधि में शामिल था और उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पूछताछ के आधार पर इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी सम्भव हैं। 

सूत्रों की माने तो आरोपी सब-इंस्पेक्टर पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन को पंजाब सहित अन्य राज्यों तक पहुंचाने में मदद करता था। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और पूछताछ के दौरान सामने आये इनपुट पर मामले में कई कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। 

No comments