ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में सील की गई न्यू अहूजा स्वीट्स को अदालत से मिली राहत ...

- निगम ने नोटिस वापस लेकर खोली सील 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला       

कपूरथला नगर निगम टीम की ओर से दो दिन पहले सील की गई न्यू अहूजा स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट के मामले में दुकान मालिक को अदालत से बड़ी राहत मिली है। अदालत में मामला पहुंचने के बाद नगर निगम ने अपने नोटिस वापस ले लिए और दुकान पर लगाई गई सील भी खोल दी है। इसकी पुष्टि न्यू अहूजा स्वीट्स के मालिक विशाल आहूजा ने की है।

गौरतलब है कि नगर निगम मेयर चुनाव से एक दिन पहले नगर निगम की टीम ने कांग्रेसी पार्षद नेहा आहूजा के पति विशाल आहूजा की न्यू अहूजा स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट को कथित निर्माण संबंधी अनियमितताओं के चलते सील कर दिया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी हंगामा भी हुआ था। हालांकि देर रात तक चली कार्रवाई के बाद नगर निगम के एटीपी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दुकान को सील कर दिया था।

इस कार्रवाई के खिलाफ पीड़ित विशाल आहूजा ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। विशाल आहूजा के अनुसार, सुनवाई के दौरान अदालत ने नगर निगम से पूछा कि यदि इमारत अवैध थी तो उसे पहले एनओसी और अन्य आवश्यक अनुमति कैसे जारी की गई। उन्होंने दावा किया कि निगम इस संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद नगर निगम ने अपने नोटिस वापस ले लिए और दुकान की सील खोल दी।

फिलहाल नगर निगम की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। 

No comments