ब्रेकिंग न्यूज़

पलटवार-- मुस्लिम समुदाय ने MLA राणा के कथित बयान पर जताया विरोध ....

- माफी नहीं मांगने पर कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी 

- मुस्लिम डेवलपमेंट बोर्ड के पदाधिकारियों ने कहा, सियासी बयानों में किसी भी धर्म का जिक्र करना गलत

- किसी भी धर्म पर टिप्पणी करना सही नहीं--  चंदी  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला से MLA राणा गुरजीत सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कपूरथला की सियासत में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इसमें विधायक द्वारा अवैध शराब के धंधे, मेयर चुनाव और AAP नेताओ पर लगाए गए कथित आरोपों के बाद अब मुस्लिम समुदाय, मुस्लिम डेवलपमेंट बोर्ड और AAP ने उनके एक कथित बयान पर कड़ा एतराज जताया है।  

मुस्लिम डेवलपमेंट बोर्ड के नेता याकूब अली ने आरोप लगाया कि विधायक ने पार्षदों के दलबदल की बात करते हुए मुस्लिम समुदाय का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयानों के दौरान किसी भी धर्म या समुदाय को टारगेट करना गलत है और इससे सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंच सकता है।  

भारत हर धर्म और समुदाय का देश है और बड़े राजनीतिक नेताओं को अपने बयानों में संयम बरतना चाहिए। याकूब अली ने मांग की कि विधायक अपने कथित बयान के लिए सबके सामने माफी मांगें और इसे वापस लें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो मुस्लिम समुदाय कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध भी करेगा।  

वहीँ AAP के हलका इंचार्ज एडवोकेट कर्मबीर सिंह चंदी ने मुस्लिम समुदाय का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसा कोई कमेंट नहीं किया जाना चाहिए जिससे किसी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो यह मामला अल्पसंख्यक आयोग में भी ले जाया जाएगा।  

विधायक द्वारा लगाए गए अवैध शराब के कारोबार के आरोपों पर चंदी ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में दोनों पार्टियों के खिलाफ क्रॉस FIR दर्ज की है और कानूनकि  अपना काम कर रहा है। AAP न तो किसी अवैध कारोबार का समर्थन करती है और न ही किसी को सुरक्षा देती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कांग्रेस के कुछ कथित पार्षद खुद अवैध कारोबार में शामिल हैं, इसलिए कांग्रेस को पहले अपना घर देखना चाहिए। 

वहीँ मेयर चुनाव के मुद्दे पर कहा कि किसी भी कांग्रेस पार्षद को डराया-धमकाया नहीं गया और न ही किसी तरह का दबाव डाला गया। उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है और जो भी फैसला आएगा, आम आदमी पार्टी उसका सम्मान करेगी। अगर दोबारा चुनाव होते हैं तो पार्टी उसके लिए भी पूरी तरह तैयार है।  

चंदी ने आरोप लगाया कि विधायक सियासी घबराहट में बेबुनियाद बयान दे रहे हैं, जबकि पंजाब सरकार कानून के दायरे में काम कर रही है। 

No comments