कपूरथला में वारदात की फिराक में खड़ा युवक अवैध पिस्टल समेत गिरफ्तार ....
- 2 दिन के पुलिस रिमांड पर, पूछताछ जारी
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला थाना सदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार सवार युवक को अवैध पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि जांच अधिकारी एएसआई जतिंदरपाल सिंह ने की। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान उससे हथियार के स्रोत और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।
एएसआई जतिंदरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान श्री आनंदपुर साहिब अकादमी, लक्खन कला के पास एक मुखबिर ने सूचना दी कि स्विफ्ट कार (नंबर PB-65V-6637) बाबा दो रुखा की जगह, लक्खन कला डेरे के पास खड़ी है, जिसमें गांव लक्खन खुर्द निवासी गुरमेज सिंह उर्फ लाडी सवार है। सूचना के अनुसार उसके पास अवैध पिस्टल है और वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर छापेमारी कर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई। मैगजीन की जांच करने पर उसमें कोई कारतूस नहीं मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



.jpg)







.jpeg)














No comments