ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला मॉडर्न जेल में बंद कैदी की संदिग्ध मौत,...

- परिजनों का सिविल अस्पताल के बाहर प्रदर्शन; न्यायिक जांच की मांग

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला       

कपूरथला की मॉडर्न जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद आज  परिजनों ने सिविल अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर इंसाफ की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाए।  

सिविल अस्पताल की एसएमओ डॉ. परमिंदर कौर ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों का बोर्ड गठित कर माननीय जज की मौजूदगी में पूरी पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई है। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

वहीं डीएसपी सब-डिवीजन सुखपाल सिंह रंधावा ने बताया कि मृतक की पहचान हरप्रीत चहल पुत्र स्वर्ण दास निवासी गांव तल्लण, जालंधर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हरप्रीत एक लड़ाई-झगड़े के मामले में फरार चल रहा था, जिसे उसके परिजनों ने अदालत में पेश किया था। अदालत के आदेश पर उसे कपूरथला मॉडर्न जेल भेजा गया, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई।

डीएसपी ने कहा कि जेल में हुई कैदी की मौत के मामलों में धारा 176 के तहत न्यायिक जांच की प्रक्रिया अपनाई जाती है। जज की मौजूदगी में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

No comments