कपूरथला में मेयर चुनाव से पहले कई "पार्षद नदारद"... ??
- मोबाइल स्विच ऑफ, पहाड़ी क्षेत्र में ठहराए जाने की चर्चा तेज
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
नगर निगम कपूरथला में मेयर चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद शहर की राजनीति अचानक गरमा गई है। मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस के कई पार्षदों के एक साथ सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आने और उनके मोबाइल फोन स्विच ऑफ या अज्ञात नंबरों पर डायवर्ट मिलने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पार्षदों का एक बड़ा समूह किसी गुप्त स्थान, संभवतः किसी पहाड़ी क्षेत्र में दो दिनों के लिए ठहराया गया है। सूत्रों दवारा दावा किया जा रहा है कि वहां उनके रहने और मनोरंजन की पूरी व्यवस्था की गई है तथा सभी पार्षद 8 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे सीधे नगर निगम के मीटिंग हॉल में ही पहुंचेंगे, जहां निगम की पहली बैठक के दौरान शपथ ग्रहण के बाद मेयर का चुनाव होना है।
गौरतलब है कि 29 मई को घोषित नगर निगम चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने 31 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। इसके बावजूद करीब 40 दिनों तक मेयर चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं हुई। अब नोटिफिकेशन जारी होते ही कई पार्षदों के एक साथ संपर्क से बाहर होने से राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं।
राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व ने संभावित 'सेंधमारी' या क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए अपने पार्षदों को एकजुट रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि किसी भी स्तर पर नहीं हुई है।
दूसरी ओर, सत्ता पक्ष की बढ़ी हुई राजनीतिक सक्रियता और मेयर चुनाव की अधिसूचना में हुई देरी को लेकर भी विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 8 जुलाई को होने वाला मेयर चुनाव पूरी तरह औपचारिक भी हो सकता है, लेकिन अंतिम समय में राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण उसका मेयर चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि मतदान तक सभी की निगाहें पार्षदों की गतिविधियों और चुनाव के दिन बनने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी रहेंगी।
(नोट-- पार्षदों के गुप्त स्थान पर ठहराए जाने और उनसे संपर्क न होने संबंधी जानकारी राजनीतिक सूत्रों व शहर में चल रही चर्चाओं पर आधारित है। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।)



.jpg)







.jpeg)














No comments