ब्रेकिंग न्यूज़

सुल्तानपुर लोधी में बरिस्टा कैफे पर फायरिंग मामले में 6 गुर्गे गिरफ्तार ....

- फायरिंग से पहले गैंगस्टर जग्गा फुकीवाल ने मांगी थी 15 लाख रंगदारी 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला       

कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में बरिस्टा कैफे मालिक के रंगदारी न देने पर विदेश बैठे गैंगस्टर जग्गा फुकीवाल की तरफ से फायरिंग करवाने के मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सुल्तानपुर लोधी पुलिस इन मामले में गैंगस्टर जग्गा के गैंग के छह गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों में दो जुवेनाइल हैं। पुलिस ने इनसे वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्टल व दो बाइक भी बरामद किए हैं।

एसपी-डी हरिंदर सिंह गिल और DSP सुल्तानपुर लोधी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि बीते माह 21 जून को बरिस्टा कैफे के मालिक से विदेशी वाट्सअप नंबर से 15 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। कैफे मालिक की ओर से रंगदारी न देने पर उसे डराने के मकसद से अज्ञात लोगों की ओर से कैफे के बाहर हवाई फायरिंग की गई थी और सोशल मीडिया पर इस वारदात की जिम्मेदारी दी गई थी।  

इस पर सुल्तानपुर लोधी थाना में 24 जून को पुलिस ने असलहा एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज करके जांच तेज कर दी। उन्होंने बताया कि इस वारदात को ट्रेस करने के लिए सीआईए इंचार्ज एसआई रमन कुमार और थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ एसआई दविंदरपाल सिंह पर आधारित विभिन्न टीमों का गठन किया गया। जिन्होंने टैक्निकल और ह्यूमन इंटेलीजेंस की मदद से इस मामले में वांछित अमित सिंह निवासी गांव देसल, हरमनरूप सिंह व जसमनप्रीत सिंह दोनों निवासी गांव टिब्बा, जगदीप सिंह निवासी गांव तोती के अलावा दो जुवेनाइल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।  

एसपी-डी ने बताया कि पुलिस ने इन आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी पिस्टल और दो मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं। तफ्तीश के दौरान यह बात समाने आई कि विदेश में बैठे गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गा निवासी शाहजहांपुर (फुकीवाल) थाना सुल्तानपुर लोधी की ओर से सोशल मीडिया पर इस वारदात की जिम्मेवारी ली गई थी। इस पर उक्त मामले में जग्गा को भी नामजद किया गया है।  

उन्होंने बताया कि जग्गा विदेश में बैठकर ही अपने स्थानीय गुर्गों से जानकारी हासिल करके रंगदारी की वारदातों को अंजाम देता है। इसके खिलाफ जालंधर व कपूरथला में कई मामले दर्ज हैं। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस की ओर से पूछताछ की जा रही है। जिसमें कई अहम खुलासे होने की संभावना है। 

No comments