ब्रेकिंग न्यूज़

30 जुलाई को पंजाब बंद का ऐलान ...

- सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, कई स्कूलों ने घोषित की छुट्टी

- बरनाला लाठीचार्ज के विरोध और लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज, सरकार पर अड़ियल रवैये का आरोप 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

कपूरथला शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी रहने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने लगे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध तथा अपनी लंबित मांगों को लेकर नगरपालिका कर्मचारी संगठन ने 30 जुलाई को पूरे पंजाब में पूर्ण बंद का ऐलान किया है। हालाँकि इस दौरान मेडिकल स्टोर और आपातकालीन सेवाएं निरंतर जारी रहेंगी। 

नगरपालिका कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल थापर ने बताया कि बीते दिन पंजाब सरकार के प्रतिनिधियों के साथ संगठन की उच्च स्तरीय बैठक हुई, लेकिन यह बैठक पूरी तरह बेनतीजा रही। उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की किसी भी जायज मांग पर सहमति नहीं जताई, जिसके चलते आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया है।

गोपाल थापर ने सरकार के रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार कर्मचारियों की सभी मांगें स्वीकार नहीं करती, तब तक हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 30 जुलाई को होने वाले 'पंजाब बंद' के दौरान यदि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा होती है या आर्थिक नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी।

हड़ताल के चलते कपूरथला सहित कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो चुकी है और कूड़े के ढेर लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं, 30 जुलाई के पंजाब बंद को देखते हुए प्रदेश के कई निजी और सरकारी स्कूलों के प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों की छुट्टी की घोषणा कर दी है।

प्रशासन की नजर अब 30 जुलाई के बंद पर टिकी हुई है। यदि सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच जल्द कोई सहमति नहीं बनती, तो आने वाले दिनों में आम जनजीवन पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है। 

No comments