ब्रेकिंग न्यूज़

फगवाड़ा की SP माधवी शर्मा के घर चोरी, महिला कर्मी पर FIR दर्ज ....

- महिला कर्मचारी पर गहने, कैनेडियन डॉलर और नकदी ले जाने का आरोप  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

AI photo

कपूरथला की सब-डिवीजन फगवाड़ा में तैनात एसपी माधवी शर्मा के घर चोरी की वारदात सामने आई है। मामले में घर पर ड्यूटी कर रही होमगार्ड की महिला कर्मचारी के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि डीएसपी पलविंदर सिंह ने की है।

पुलिस को दी शिकायत में एसपी माधवी शर्मा की माता संतोष कुमारी पत्नी अशोक कुमार निवासी गिलको ग्रीन, होशियारपुर रोड, फगवाड़ा ने बताया कि उनकी बेटी माधवी शर्मा एसपी फगवाड़ा के पद पर तैनात हैं। उनके घर में होमगार्ड की महिला कर्मचारी मनजीत कौर की ड्यूटी लगी हुई थी, जो रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार्य करती थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार लंबे समय से घर में तैनाती होने के कारण उनका मनजीत कौर पर पूरा विश्वास था और वह घर में नियमित रूप से आती-जाती रहती थी। संतोष कुमारी ने बताया कि जब उन्होंने अपनी अटैची की जांच की तो उसमें से 20 हजार रुपये नकद, सोने की चार चेन, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी टॉप्स, डायमंड के दो पेंडेंट तथा 200 कैनेडियन डॉलर गायब मिले।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में जब मनजीत कौर से पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद उन्हें संदेह हुआ कि चोरी की वारदात उसी ने अंजाम दी है।

मामले की शिकायत मिलने के बाद फगवाड़ा सदर थाना पुलिस ने आरोपी महिला कर्मचारी मनजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी पलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

No comments