DC ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का लिया जायजा ....
- कहा, सुल्तानपुर लोधी के बुनियादी ढांचे और संपूर्ण विकास के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
सुल्तानपुर लोधी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए DC अकाश बांसल ने आज सुल्तानपुर लोधी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट को बिना किसी देरी के निर्धारित समय सीमा के भीतर तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए पूरा किया जाए।
कपूरथला इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन एवं अर्जुन अवार्डी सज्जन सिंह चीमा, एस.डी.एम. जसजीत सिंह, पीडब्ल्यूडी के एक्सियन विशाल जांगड़ाल, सीवरेज बोर्ड, पेडा, शिक्षा विभाग, नगर परिषद तथा अन्य विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में डिप्टी कमिश्नर ने शहर में चल रही प्रमुख बुनियादी ढांचा प्रोजेक्टों की प्रगति की समीक्षा की।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि इसे निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष कार्य अगले तीन महीनों में पूरा होने की संभावना है।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़कियां) में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दो कक्षाओं के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, क्योंकि स्कूल की मुख्य इमारत तैयार हो चुकी है और वहां कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने इसके संचालन और रखरखाव की समीक्षा की तथा कार्यक्षमता में सुधार के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने एक्सियन सीवरेज को निर्देश दिए कि एस.टी.पी. को इस माह के अंत तक चालू किया जाए।
उन्होंने इस सुविधा में लगाए जा रहे सोलर पावर प्लांट की प्रगति का भी जायजा लिया तथा पेडा अधिकारियों को विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जब्बोवाल रूरल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का दौरा कर वहां चल रहे लंबित विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम तथा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई.सी.सी.सी.) की साइटों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य की गति तेज करने के लिए कहा। नगर परिषद द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थानों की पहचान भी कर ली गई है।
दौरे के दौरान उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को शहर में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने हेतु उपयुक्त स्थान का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टों को समय पर पूरा करने तथा लोगों को आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और कार्यों की गति बढ़ाने के लिए विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि इन प्रोजेक्टों का लाभ बिना किसी देरी के लोगों तक पहुंच सके। DC ने अधिकारियों को पूर्ण हो चुके विकास कार्यों के उपयोगिता प्रमाण-पत्र यथाशीघ्र जमा करवाने के भी निर्देश दिए।



.jpg)







.jpeg)














No comments