ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला-- ऐतिहासिक गुरुद्वारों में लगे CM के खिलाफ फ्लेक्स ....

- लिखा, "गुरु दोखी और पंथ विरोधी मुख्यमंत्री भगवंत मान का संगत करे बायकॉट" 

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला       

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अधीन ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बाउली साहिब नडाला और गुरुद्वारा छेवीं पातशाही नडाला में मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ पांच फ्लेक्स बोर्ड लगाए गए हैं। इन फ्लेक्स बोर्ड पर लिखा गया है कि "गुरु दोखी और पंथ विरोधी मुख्यमंत्री भगवंत मान का संगत करे बायकॉट।"

जानकारी के अनुसार हाल ही में श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से CM भगवंत मान की एक कथित वीडियो को लेकर उन्हें गुरु दोखी और पंथ विरोधी करार देते हुए फरमान जारी किया गया था। इस संबंध में श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज, श्री दरबार साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह, तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार बाबा टेक सिंह, ज्ञानी परविंदरपाल सिंह तथा ज्ञानी केवल सिंह सहित अन्य धार्मिक हस्तियों द्वारा हस्ताक्षर किए गए थे। 

बताया जा रहा है कि एसजीपीसी की ओर से अपने अधीन आने वाले गुरुद्वारों, गांवों और शहरों के गुरुघरों के बाहर मुख्यमंत्री के संबंध में फ्लेक्स बोर्ड लगाने को लेकर एक पत्र भी जारी किया गया है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर ऐसे बोर्ड लगाए जा रहे हैं। 

स्थानीय सिख संगठनों से जुड़े नेताओं का कहना है कि यह अभियान श्री अकाल तख्त साहिब के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि सिख पंथ और गुरु घरों से जुड़े मामलों में श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों का पालन करना प्रत्येक सिख संगत का कर्तव्य है।

इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री भगवंत मान या राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।  

No comments