कपूरथला में दर्दनाक सड़क हादसा ...
- बीमार पत्नी को इलाज के लिए ले जा रहे पति की कार पेड़ से टकराई, दंपति की मौत
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के कस्बा बेगोवाल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी बहू घायल हो गई। हादसा बेगोवाल-भुलत्थ रोड पर गांव भदास के पास उस समय हुआ जब परिवार बीमार महिला को इलाज के लिए जालंधर ले जा रहा था।
जानकारी अनुसार, गांव मियानी भग्गुपूरियां निवासी 52 वर्षीय लखविंदर सिंह अपनी पत्नी परमजीत कौर की अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए जालंधर लेकर जा रहे थे। उनके साथ बहू कुलविंदर कौर और पड़ोसी चालक सुखजिंदर सिंह भी स्विफ्ट कार में सवार थे।
थाना बेगोवाल के एसएचओ एसआई किरपाल सिंह ने बताया कि बुधवार को जब कार बेगोवाल-भुलत्थ रोड पर गांव भदास के पास पहुंची तो तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि कार की पिछली सीट पर बैठे लखविंदर सिंह और उनकी पत्नी परमजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बहू कुलविंदर कौर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए सुभानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही थाना बेगोवाल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर बेगोवाल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
एसएचओ ने बताया कि मृतक दंपति अपने घर में बहू के साथ रहते थे, जबकि उनका बेटा जर्मनी में रहता है। बेटे के विदेश से वापस आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



.jpg)







.jpeg)














No comments