कपूरथला में फर्जी दस्तावेजों से भाई की जमानत करवाई ....
- दो भाइयों समेत 4 आरोपियों पर केस दर्ज
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एनडीपीएस एक्ट में बंद आरोपी की जमानत करवाने का मामला सामने आया है। जांच के दौरान दस्तावेज फर्जी पाए जाने पर माननीय अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने दोनों भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार माननीय न्यायाधीश गुरमीत टिवाना के रीडर अमर बहादुर द्वारा थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि मुकदमा नंबर 23 के तहत 9 जुलाई 2023 को एनडीपीएस एक्ट के अधीन थाना कबीरपुर में रछपाल सिंह निवासी सिखां मोहल्ला, सुल्तानपुर लोधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
आरोप है कि रछपाल सिंह की जमानत करवाने के लिए उसके भाई लाल सिंह निवासी सत्थरगड़ा, सुल्तानपुर लोधी ने सरवजीत सिंह निवासी गांव खीरांवाली को जाली जमानती तथा जगतार सिंह निवासी गांव खीरांवाली को जाली नंबरदार बनाकर खुद को गवाह के रूप में पेश किया। आरोपियों ने 17 अक्टूबर 2023 को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत बांड दाखिल किए।
दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद जब उनकी जांच करवाई गई तो वे फर्जी पाए गए। इसके बाद अदालत की ओर से कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।
पुलिस चौकी साइंस सिटी के जांच अधिकारी एएसआई जगदीश कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



.jpg)







.jpeg)














No comments