कपूरथला में बड़ी चोरी की वारदात-- दीवार तोड़ घर में घुसे चोर ....
- 25 तोले सोना और लाखों की नकदी लेकर फरार, पुलिस CCTV खंगाल रही
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी हलके के गांव चककोटला में बीती रात हुई बड़ी चोरी की घटना घटी है। जिसमें अज्ञात चोर बेहद शातिर तरीके से घर की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे और परिवार की वर्षों की जमा पूंजी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। चोरों की हिम्मत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के आंगन में सो रहे थे, लेकिन इसके बावजूद चोर बड़ी आसानी से अपने मंसूबे पूरे करने में सफल रहे। जाते समय चोर घर के अंदर के दरवाजों को कपड़ों से बांध गए ताकि परिवार को किसी तरह की भनक न लग सके। वहीँ इस घटना के बाद इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
वहीं चौकी इंचार्ज सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी अनुसार सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो उन्हें कुछ संदिग्ध महसूस हुआ। जब छत के रास्ते घर के अंदर जाकर देखा गया तो अलमारियां खुली हुई थीं और घर का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर करीब 25 तोले सोना, 10 से 12 तोले चांदी, लगभग ढाई लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
पीड़ित परिवार की सदस्य बलजीत कौर और संदीप कौर ने भावुक होते हुए बताया कि परिवार के सदस्य पिछले करीब 20 वर्षों से विदेश में मेहनत कर परिवार के बेहतर भविष्य के लिए पाई-पाई जोड़ रहे थे। बेटियों की शादी और अन्य जरूरतों के लिए जमा किया गया सोना और नकदी अब चोरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि उनके सपनों और वर्षों की मेहनत पर चोट है।
घटना के बाद गांव के लोगों में भी भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले बस्ती रंगीलपुर में भी बड़ी चोरी की घटना हुई थी, लेकिन उस मामले में अभी तक पुलिस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली।
गांव के सरपंच हरचरण सिंह ने कहा कि चककोटला हमेशा शांति और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने मांग की कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले गांव बस्ती रंगीलपुर में भी शीतल सिंह के घर हुई चोरी में करीब 15 तोले सोना, नकदी और 500 यूरो चोरी हुए थे। CCTV फुटेज मिलने के बावजूद उस मामले में पुलिस को अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिल सकी है। अब चककोटला में हुई इस बड़ी चोरी ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



.jpg)







.jpeg)














No comments