ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में इंसाफ की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, आत्महत्या की दी धमकी ...

- जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर 4 घंटे बाद महिला को नीचे उतारा  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

कपूरथला के गांव भंडाल बेट में पुलिस प्रशासन की कार्यवाही से नाराज एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई और वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। हालांकि गांववासियों और पुलिस प्रशासन की कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात करीब 10 बजे महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। 

गांव भंडाल बेट की रहने वाली पीड़ित महिला सिमरनजीत कौर पत्नी दिलबाग सिंह ने बताया कि 31 मार्च को गांव के कुछ युवकों ने उसके तथा उसकी बहू के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि उक्त युवकों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और उनकी स्कूटी भी छीनकर ले गए। इस संबंध में पुलिस को शिकायत देने के साथ-साथ गांव की पंचायत से भी संपर्क किया गया, लेकिन अब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिला।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसके बेटे पर भी जानलेवा हमला किया गया था, लेकिन इस मामले में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर सिमरनजीत कौर शनिवार देर शाम गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही गांववासी मौके पर पहुंच गए। वहीं ढिलवां थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और महिला को समझाने का प्रयास किया। कई घंटे चले प्रयासों के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने महिला को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वह देर रात करीब 10 बजे सुरक्षित नीचे उतर आई।

ढिलवां थाना के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला सिमरनजीत कौर को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर सकुशल नीचे उतार लिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला को रविवार को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है और उसके बयानों के आधार पर जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

No comments