ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में पुलिस कार्रवाई से नाराज महिला के टंकी पर चढ़ने का मामला ....

- महिला की शिकायत पर 3 के खिलाफ FIR, एक आरोपी गिरफ्तार 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

कपूरथला के गांव भंडाल बेट में पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर शनिवार को देर शाम पानी की टंकी पर चढ़ी महिला के मामले में पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर तीन आरोपिओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। और पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। इसकी पुष्टि थाना ढिलवां के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने की है।

जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम गांव भंडाल बेट निवासी महिला ने करीब ढाई महीने पहले उसके और उसके परिवार के साथ हुई कथित घटना में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने के विरोध में गांव की पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी दी थी। गांव के लोगों और पुलिस प्रशासन ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद महिला को जल्द कार्रवाई का भरोसा देकर देर रात टंकी से नीचे उतारा था।

इसके बाद पुलिस ने अगले दिन पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 मार्च की सुबह करीब 5:30 बजे उनके घर का दरवाजा खटखटाया गया। जब उनकी बहू ने गेट खोलने की कोशिश की तो बाहर खड़े कुछ लोगों ने घर पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। शिकायत के अनुसार गेट के बाहर गांव के प्रभजोत पुत्र केवल सिंह, गौरव पुत्र हरजिंदर सिंह और शिव कुमार पुत्र दीप सिंह मौजूद थे।

महिला ने आरोप लगाया कि उक्त युवक उसकी बहू को धमकाते हुए घर के अंदर घुस आए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी बहू के कपड़े फाड़ने की भी कोशिश की।

थाना ढिलवां के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान के आधार पर प्रभजोत, गौरव और शिव कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी प्रभजोत को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। 

No comments