ब्रेकिंग न्यूज़

सीचेवाल खेल मेला-- सरीह जालंधर और गुरदासपुर की टीमों ने जीते खिताब .....

- संत अवतार सिंह जी की 38वीं बरसी को समर्पित खेल मेले में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन  

- खेल आपसी भाईचारे, अनुशासन और जीत की भावना को बढ़ावा देते-- संत सीचेवाल  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

संत अवतार सिंह जी की 38वीं बरसी को समर्पित विशाल खेल मेले के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय रोमांचक हॉकी प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हो गईं। देर शाम तक चले मुकाबलों में जूनियर वर्ग का खिताब निक्के घुम्मण गुरदासपुर की टीम ने अपने नाम किया, जबकि मोगा की टीम उपविजेता रही। वहीं सीनियर वर्ग में सरीह जालंधर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि बुट्टरां की टीम दूसरे स्थान पर रही।  

वहीँ सीनियर वर्ग के बेहद रोमांचक और कांटे के मुकाबले में सरीह जालंधर ने बुट्टर कलां को 1-0 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। 

अंडर-11 वर्ग के प्रदर्शनी मैच में सीचेवाल की टीम विजेता तथा कपूरथला की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के पहले दिन विजेता रही टीमों के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले दूसरे दिन आयोजित किए गए। जूनियर वर्ग के मैच एस्ट्रोटर्फ मैदान पर जबकि सीनियर वर्ग के मुकाबले कच्चे मैदान में खेले गए। 

पंजाब के विभिन्न जिलों के अलावा हरियाणा की टीमों ने भी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल मेले में जूनियर वर्ग की 16 तथा सीनियर वर्ग की 16 टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 

पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये आपसी भाईचारे, टीम भावना और अनुशासन का भी संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में सहयोग, समर्पण और टीमवर्क की भावना ही वास्तविक सफलता का आधार होती है। 

संत सीचेवाल ने उपविजेता एवं अन्य प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है और निरंतर मेहनत तथा लगन के बल पर वे भविष्य में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। 

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों वरुण कुमार, तलविंदर सिंह तथा गुरजोत सिंह को भी संत बलबीर सिंह सीचेवाल द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम में संत सुखजीत सिंह, सुरजीत सिंह शंटी, कुलविंदर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में योगदान देने वाले रेफरी एवं प्रबंधन टीम के सदस्यों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। 

- एनआरआई समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान ...

खेल मेले के दौरान एनआरआई समुदाय द्वारा हॉकी कोच दविंदर सिंह को 71 हजार रुपये की नकद राशि देकर विशेष सम्मानित किया गया। इसके अलावा अंडर-11 वर्ग के बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए विजेता खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि खेल मेलों की सफलता में एनआरआई समुदाय का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण और सराहनीय रहा है। उनके सहयोग से खेलों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा भी मिलती है।  

No comments